loader image
Latest:
Thursday, February 5, 2026

हरियाणा के नए DGP अजय सिंघल ने चार्ज संभाला

हरियाणा के नए पुलिस महानिदेशक (DGP) IPS अजय सिंघल ने पंचकूला स्थित पुलिस हेडक्वार्टर पहुंचकर औपचारिक रूप से कार्यभार संभाल लिया है। इस मौके पर हरियाणा पुलिस के कई वरिष्ठ अधिकारियों ने उन्हें बुके देकर स्वागत किया, वहीं जवानों ने सलामी देकर सम्मान प्रकट किया।

कार्यभार संभालने के बाद DGP अजय सिंघल ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर प्रदेश की पुलिसिंग को लेकर अपना विजन साझा किया। उन्होंने साफ कहा कि आने वाले समय में पब्लिक से जुड़ी समस्याओं के साथ-साथ पुलिस वेलफेयर उनकी प्राथमिकता रहेगी।

प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान DGP अजय सिंघल ने एक उदाहरण देते हुए कहा कि हाल ही में उन्होंने अपनी बेटी की शादी के लिए करीब 5 लाख रुपये में बैंक्वेट हॉल बुक कराया था। उन्होंने कहा कि हर पुलिसकर्मी इतना खर्च वहन नहीं कर सकता। इसी को देखते हुए हर पुलिस लाइन में बैंक्वेट हॉल और 4-5 कमरे बनाए जाएंगे, ताकि पुलिसकर्मियों को पारिवारिक आयोजनों में आर्थिक बोझ न उठाना पड़े।

उन्होंने यह भी कहा कि पुलिस वेलफेयर फंड से पुलिसकर्मियों की बेटियों की शादी के लिए आर्थिक सहायता और बच्चों की पढ़ाई के लिए भी मदद देने की योजना बनाई जा रही है।

DGP सिंघल ने कहा कि उन्होंने अभी-अभी पदभार संभाला है। पूर्व DGP ओपी सिंह एक अच्छे वक्ता थे और उन्होंने कई किताबें भी लिखी हैं। उन्होंने बताया कि वह 1992 बैच के IPS अधिकारी हैं और मुख्यमंत्री नायब सैनी का धन्यवाद करते हैं कि उन्हें यह जिम्मेदारी सौंपी गई। उन्होंने कहा कि अब उनकी पूरी कोशिश होगी कि सरकार की उम्मीदों पर खरे उतरें।

DGP ने कहा कि बीते 30 वर्षों में पुलिसिंग कम से कम 5 बार बदली है। 1992 में पुलिसिंग का तरीका अलग था, फिर इंटरनेट और टेक्नोलॉजी का दौर आया। आज क्रिमिनल ज्यादा स्मार्ट हो चुके हैं, इसलिए पुलिस को भी मॉडर्न बनना जरूरी है। हरियाणा पुलिस का रोल न सिर्फ राज्य बल्कि पूरे रीजन की शांति बनाए रखने में अहम है।

उन्होंने बताया कि टेक्नोलॉजी के बढ़ते प्रभाव को देखते हुए उन्होंने 8-9 पेज के आइडिया लिखे हैं, जिन्हें आने वाले समय में इम्प्लीमेंट किया जाएगा। पुलिसिंग में मॉडर्नाइजेशन, क्राइम ट्रेसिंग और वेलफेयर तीनों पर फोकस रहेगा।

DGP अजय सिंघल ने कहा कि STF को री-ऑर्गेनाइज किया जाएगा। दलितों और महिलाओं के खिलाफ अपराध करने वालों के खिलाफ कड़ी रणनीति बनाई गई है। उन्होंने बताया कि हरियाणा का डायल 112 पूरे देश में दूसरे नंबर पर है।

विपक्ष के सवालों पर उन्होंने कहा कि अगर कोई कमियां सामने आती हैं तो उन्हें दूर किया जाएगा। हालांकि उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि हरियाणा में कानून-व्यवस्था की स्थिति ठीक है और राज्य की GDP बढ़ रही है।

DGP ने बताया कि पुलिसकर्मियों की मेंटल और फिजिकल हेल्थ पर भी विशेष ध्यान दिया जाएगा। 35 साल से अधिक उम्र के पुलिसकर्मियों के नियमित हेल्थ चेकअप कराए जाएंगे। इसके साथ ही गन कल्चर को बढ़ावा देने वाले गानों पर कार्रवाई पहले की तरह जारी रहेगी।

बता दें कि नए साल की पूर्व संध्या यानी 31 दिसंबर 2025 को IPS अजय सिंघल को हरियाणा का DGP नियुक्त किया गया था। UPSC की पैनल कमेटी ने तीन अधिकारियों के पैनल को अंतिम रूप दिया था, जिसमें 1992 बैच के अजय सिंघल के नाम पर मुहर लगी।

नए DGP अजय सिंघल का संबंध रेवाड़ी जिले से है। उनके पूर्वज करीब 300 साल पहले राजस्थान से रेवाड़ी आकर बसे थे। वह IIT दिल्ली से मैकेनिकल इंजीनियरिंग में बीटेक हैं। उनके पिता ओपी सिंघल मिलिट्री इंजीनियरिंग सर्विस में अधिकारी रहे हैं।

अजय सिंघल सुर्खियों से दूर रहने वाले अधिकारी माने जाते हैं। उनकी पत्नी शीना होममेकर हैं। उनके दो बेटियां और एक बेटा है। उन्होंने विजिलेंस, CID, रेलवे पुलिस, साइबर क्राइम, स्पेशल ब्रांच और इंटरनल सिक्योरिटी जैसे अहम क्षेत्रों में काम किया है। उन्हें 2008 में पुलिस मेडल और 2017 में राष्ट्रपति पुलिस पदक से सम्मानित किया जा चुका है।

Sahil Kasoon

The Air News (Writer/Editer)

Sahil Kasoon

The Air News (Writer/Editer)

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!