हरियाणा में कोहरे में 60KM स्पीड से चलेंगी बसें:परिवहन मंत्री विज के आदेश; बोले- ओवरस्पीड मिलने पर नपेंगे रोडवेज ड्राइवर-कंडक्टर

हरियाणा में घने कोहरे में हुए हादसे और IMD के अलर्ट को देखते हुए परिवहन विभाग भी एक्टिव हो गया है। परिवहन मंत्री अनिल विज ने लगातार हो रही सड़क दुर्घटनाओं को लेकर रिपोर्ट तलब कर ली है। इसके साथ ही उन्होंने निर्देश दिए हैं कि कोहरे के दौरान रोडवेज बसों की स्पीड फिक्स रखी जाए।
उन्होंने विभाग अधिकारियों को कोहरे के दौरान खासकर सुबह और शाम को बसों को 60 किलोमीटर प्रतिघंटा की स्पीड से ही चलाया जाए। यदि इन निर्देशों की कोई भी ड्राइवर या कंडक्टर उल्लंघना करता है तो उसके खिलाफ सख्त एक्शन लिया जाए। परिवहन मंत्री ने सभी बसों के आगे और पीछे की साइड रिफलेक्टर लगाने के भी निर्देश दिए हैं।

विंटर सीजन अब सूबे में शुरू हो गया है। सड़कों पर कोहरा भी बढ़ गया है। खास कर सुबह और शाम के समय जब कोहरा बढ़ जाता है तो भी रोडवेज की बसों की स्पीड को कम नहीं किया जा रहा है, जिससे सड़क दुर्घटनाएं हो रही हैं। इन शिकायतों का संज्ञान लेते हुए परिवहन मंत्री ने स्पीड को फिक्स करने के ऑर्डर दिए हैं।
हरियाणा में कोहरे के कारण लगातार सड़क हादसे हो रहे हैं। पिछले दो दिनों से लगातार राज्य के अधिकांश जिलों में घना कोहरा छा रहा है। कई जिलों में सुबह विजिबिलिटी 5 से लेकर 10 मीटर तक ही हो रही। सोमवार को फरीदाबाद, नूंह, सोनीपत, हिसार और सिरसा में हादसे हुए, जिनमें सीआईएसएफ इंस्पेक्टर, लेडी एएसआई सहित 5 लोगों की मोत हो गई।
भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने दक्षिण हरियाणा के राजस्थान और NCR के जिलों में कोहरे काे लेकर अलर्ट जारी किया हुआ है। वाहन ड्राइवरों को सुबह के समय गाड़ी चलाने में विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।
हरियाणा में ठंड और कोहरे को देखते हुए सरकार गाइडलाइन जारी कर चुकी है। गाइडलाइन जारी करते हुए सरकार ने लोगों से अपील की है कि वह दी गई गाइडलाइन का आवश्यक रूप से पालन करें। गाइडलाइन में लिखा है कि मौसम की जानकारी को लेकर लोगों को लगातार अपडेट लेते रहना चाहिए। इसके लिए वह रेडियो, टीवी और न्यूज़ पेपर से जानकारी ले सकते हैं।

परिवहन मंत्री अनिल विज ने कहा कि…
विंटर सीजन में कोहरा लगातार बढ़ रहा है। खासकर सुबह और शाम हालात ज्यादा खराब हो रहे हैं। ऐसे में यदि रोडवेज बसें ओवर स्पीड होंगी तो सड़क दुर्घटनाओं की सभावना ज्यादा बढ़ जाती है। इसलिए अधिकारियों को हिदायत दी गई है कि बसों की 60 किलोमीटर प्रतिघंटा स्पीड रखी जाए। ऐसा नहीं करने वाले बस कंडक्टर और ड्राइवरों के खिलाफ विभागीय कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।




