loader image
Saturday, November 8, 2025

हरियाणा में बारिश से मौतों पर 4 लाख देगी सरकार:नुकसान की भरपाई के लिए क्राइटेरिया बनाया; मकान गिरने, पशुओं के मरने पर पैसा मिलेगा

चंडीगढ़ स्थित हरियाणा निवास में बारिश से हुए नुकसान के बारे में बताते मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी। - Dainik Bhaskar

चंडीगढ़ स्थित हरियाणा निवास में बारिश से हुए नुकसान के बारे में बताते मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी।

हरियाणा सरकार ने बारिश और जलभराव से हुए नुकसान को देखते हुए लोगों की मदद के लिए क्राइटेरिया बना लिया है। सोमवार को मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने चंडीगढ़ में प्रेस कॉन्फ्रेंस करके बताया कि बारिश के दौरान घर गिरने या किसी अन्य कारण से मरने वालों के परिवार को सरकार 4 लाख रुपए की सहायता देगी।

40 से 60% तक अंग हानि होने पर सरकार 74 हजार रुपए की आर्थिक मदद देगी, जबकि 60% से अधिक अंग हानि होने पर 2.5 लाख रुपए की सहायता प्रदान की जाएगी। इसके अतिरिक्त, मैदानी इलाकों में बारिश से क्षतिग्रस्त मकानों के लिए 1.20 लाख रुपए और पहाड़ी क्षेत्रों में क्षतिग्रस्त मकानों के लिए 1.30 लाख रुपए की राहत राशि दी जाएगी।

मुख्यमंत्री सैनी ने आगे बताया कि बाढ़ से परेशान लोगों की मदद के लिए ‘ई-क्षतिपूर्ति’ पोर्टल शुरू किया गया है। इस पोर्टल पर अब तक प्रदेश के 5,217 गांवों के 2,53,440 किसानों ने 14,91,130 एकड़ जमीन के नुकसान की जानकारी दी है। सरकार बाढ़ और जलभराव से प्रभावित इलाकों में तुरंत राहत पहुंचाने पर ध्यान दे रही है।

प्रेस कॉन्फ्रेंस में CM सैनी की अहम बातें…

  • 3.06 करोड़ मंजूर किए: मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा इन दिनों हरियाणा भारी बारिश के कारण पैदा हुई समस्याओं से जूझ रहा है। सरकार भारी बारिश के कारण हुए नुकसान की लगातार निगरानी कर रही है। तत्काल राहत उपायों के लिए जिलों को रिजर्व फंड के रूप में कुल 3 करोड़ 6 लाख रुपए स्वीकृत किए हैं।
  • 13 परिवारों को 52 लाख की मदद: मुख्यमंत्री ने दुख व्यक्त करते हुए बताया कि राज्य में मकान गिरने की घटनाओं में 13 लोगों की जान चली गई है। मृतकों में फतेहाबाद के 4, भिवानी के 3, कुरुक्षेत्र और यमुनानगर के 2-2, तथा हिसार और फरीदाबाद के 1-1 व्यक्ति शामिल हैं। सरकार ने पीड़ित परिवारों को कुल 52 लाख रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान की है।
  • फसलों पर 15 हजार तक सब्सिडी: व्यवसायिक नुकसान होने पर (₹1-5 लाख तक) 1.75 से 3.05 लाख रुपए दिए जाएंगे। अगर नुकसान 5 लाख से अधिक है तो 3.05 लाख रुपए के साथ नुकसान का 10% अतिरिक्त दिया जाएगा। फसल के नुकसान पर प्रति एकड़ 7,000 से 15,000 रुपए तक की सब्सिडी मिलेगी। दुधारू पशु की हानि पर 37,500 रुपए, भेड़/बकरी/सूअर के लिए 4,000 रुपए, दूध न देने वाले पशु के लिए 32,000 रुपए और मुर्गी पालन के लिए 10,000 रुपए तक का मुआवजा दिया जाएगा।
  • सर्वे कराकर नुकसान की भरपाई करेंगे: मुख्यमंत्री ने कहा कि बाढ़ के कारण बेघर हुए लोगों के लिए राहत शिविर लगाए जाएंगे। जलभराव वाले क्षेत्रों में गिरे या आंशिक रूप से क्षतिग्रस्त हुए मकानों का सर्वे कराकर नुकसान की भरपाई की जाएगी। यदि कोई मकान मालिक 20 साल से एक ही जगह पर रह रहा है और उसकी छत को नुकसान हुआ है, तो सरकार उसकी भी मदद करेगी।
  • एक महीने का कैबिनेट वेतन दान दिया: नायब सैनी ने घोषणा की है कि प्रदेश में 17 सितंबर से 2 अक्टूबर तक ‘सेवा पखवाड़ा’ चलाया जाएगा। सभी विधायक और समर्थक विधायक बाढ़ राहत के लिए एक महीने का वेतन देंगे। उन्होंने अधिकारियों और कर्मचारियों से भी मुख्यमंत्री राहत कोष में स्वेच्छा से दान करने की अपील की है।
Sahil Kasoon

The Air News (Writer/Editer)

Sahil Kasoon

The Air News (Writer/Editer)

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!