loader image
Latest:
Thursday, February 5, 2026

हरियाणा में महिलाओं को अब ₹2100 के बजाय ₹1100 मिलेंगे:लाडो लक्ष्मी योजना में बदलाव; CM सैनी बोले- ₹1000 की RD-FD कराएगी सरकार

शनिवार को चंडीगढ़ स्थित हरियाणा निवास पर मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया कि योजना के 2100 रुपए में से 1000 रुपए सरकार द्वारा संचालित आवर्ती जमा (RD) या सावधि जमा (FD) खाते में जमा किए जाएंगे।

उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि लाभार्थी की मृत्यु होने पर यह राशि तुरंत नॉमिनी को प्रदान कर दी जाएगी।

 मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देशभर में महिला सशक्तिकरण के लिए योजनाएं चलाई जा रही हैं। हरियाणा में भी दीन दयाल लाडो लक्ष्मी योजना चलाई जा रही है। इस योजना के तहत 8 लाख 63 हजार 918 लाभार्थी बहनों के खातों में 181 करोड़ रुपए की तीसरी किस्त जारी की गई है। आज की राशि को मिलाकर, तीन किस्तों में कुल 441 करोड़ रुपए की राशि दी जा चुकी है।

 मुख्यमंत्री ने बताया कि इस योजना का लाभ उन बच्चों की माताओं को भी मिलेगा, जिन्होंने सरकारी स्कूलों में कक्षा 10 या 12 की बोर्ड परीक्षाओं में 80% से ज्यादा अंक प्राप्त किए हैं। कक्षा 1 से 4 तक के जो बच्चे निपुण भारत मिशन के तहत अपनी कक्षा के स्तर की दक्षता हासिल करेंगे, उनकी माताओं को भी लाभ मिलेगा। साथ ही, जिन माताओं ने अपने बच्चों को गंभीर या मध्यम कुपोषण से सफलतापूर्वक बाहर निकाला है, उन्हें भी इस योजना का लाभ मिलेगा।

मुख्यमंत्री नायब सैनी ने कृषि से जुड़ी 5 योजनाओं के लिए कुल 659 करोड़ रुपए जारी किए। इसमें पराली न जलाने वाले 5 लाख 54 हजार से ज्यादा किसानों को फसल अवशेष प्रबंधन योजना के तहत 461 करोड़ 75 लाख रुपए दिए गए हैं। किसानों को फसल अवशेष प्रबंधन मशीनें खरीदने के लिए 85 करोड़ 10 लाख रुपए की सब्सिडी भी दी गई है।

धान की सीधी बुआई करने वाले 31 हजार 605 किसानों को 75 करोड़ 54 लाख रुपए की प्रोत्साहन राशि मिली है। ‘मेरा पानी मेरी विरासत’ योजना के तहत 13 हजार 500 किसानों को 15 करोड़ 75 लाख रुपए दिए गए हैं। आलू और फूल गोभी की खेती करने वाले 4 हजार 73 किसानों को भावांतर भरपाई योजना के तहत 20 करोड़ रुपए की मदद दी गई है।

 एक सवाल के जवाब में मुख्यमंत्री नायब सैनी ने कहा कि हरियाणा की तरह पंजाब में भी आम आदमी पार्टी (AAP) और कांग्रेस मिलकर 2027 का विधानसभा चुनाव लड़ सकते हैं। उन्होंने कहा कि पंजाब में AAP और कांग्रेस की नीतियां ठीक नहीं हैं। पंजाब में बाढ़ आने पर मुख्यमंत्री भगवंत मान और अरविंद केजरीवाल ने अलग-अलग सहायता राशि की घोषणा की।

नायब सैनी ने आगे कहा कि अरविंद केजरीवाल ने दिल्ली के मुख्यमंत्री रहते हुए धुएं के मामले में सबसे ज़्यादा आरोप पंजाब और हरियाणा के किसानों पर लगाए थे। उन्होंने केजरीवाल पर किसानों को बदनाम और अपमानित करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि पंजाब सरकार को किसानों के लिए पराली प्रबंधन की व्यवस्था करनी चाहिए थी, जैसा कि हरियाणा सरकार ने किया है।

Sahil Kasoon

The Air News (Writer/Editer)

Sahil Kasoon

The Air News (Writer/Editer)

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!