हरियाणा में रिश्वतखोरी पर बड़ी कार्रवाई: जुलाना नगर पालिका अध्यक्ष 2.27 लाख की रिश्वत लेते गिरफ्तार
हरियाणा में भ्रष्टाचार के खिलाफ एंटी करप्शन विजिलेंस टीम ने बड़ी कार्रवाई की है। टीम ने जुलाना नगर पालिका अध्यक्ष को उनके निजी कार्यालय पर छापा मारकर 2.27 लाख रुपए की रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया।
जानकारी के अनुसार, नगर पालिका क्षेत्र में विकास कार्य करवाने वाले एक ठेकेदार से बिल पास करने के एवज में अध्यक्ष द्वारा कमीशन की मांग की गई थी। ठेकेदार ने विजिलेंस को शिकायत दी, जिसके बाद ट्रैप की योजना बनाई गई।
डीएसपी विजिलेंस ने बताया कि शिकायतकर्ता ठेकेदार जब भुगतान कराने के लिए नगर पालिका अध्यक्ष से मिला तो उन्होंने 2.27 लाख रुपए की मांग रखी। विजिलेंस टीम ने ठेकेदार को साथ लेकर जाल बिछाया और आरोपी को रिश्वत लेते हुए पकड़ लिया। टीम ने मौके से पूरी रकम बरामद कर ली है और अध्यक्ष से पूछताछ जारी है।
इस कार्रवाई से पूरे जुलाना शहर में राजनीतिक हलचल तेज हो गई है। स्थानीय लोग इसे नगर पालिका में फैले भ्रष्टाचार की पोल खोलने वाला मामला बता रहे हैं। वहीं, विपक्ष ने इस गिरफ्तारी को भाजपा सरकार की कथनी और करनी में अंतर का सबूत बताया है।
शहर में चर्चा है कि लंबे समय से विकास कार्यों में अनियमितताएं और कमीशनखोरी के आरोप लगते रहे हैं। अब विजिलेंस की इस कार्रवाई ने न केवल नगर पालिका प्रशासन बल्कि सरकार पर भी गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
#julana #briberycase #haryana #corruption #vigilanceraid #nagarpalika #theairnews #theairnewsharyana




