loader image
Latest:
Saturday, March 14, 2026

हरियाणा में रोडवेज बस पलटी, VIDEO कॉल पर था ड्राइवर:जींद में डिवाइडर से टकराकर लोडिंग गाड़ी में घुसी, 50 यात्री घायल; जयपुर जा रही थी

हरियाणा के जींद में शनिवार सुबह एक रोडवेज बस उचाना के पास डिवाइडर से टकराकर पलट गई। टोहाना से जयपुर जा रही इस बस में लगभग 50 यात्री सवार थे, जिनमें से 13 को गंभीर चोटें आई हैं। ड्राइवर संदीप थुआ को रोहतक PGI रेफर कर दिया गया है।

यात्रियों के अनुसार, बस काफी स्पीड में थी और ड्राइवर वीडियो कॉल पर किसी से बात कर रहा था। इसी दौरान बस सड़क किनारे खड़े एक टैंपू से टकरा गई। यह बस किलोमीटर स्कीम के तहत संचालित थी, जिसमें ड्राइवर निजी तौर पर कार्यरत था, जबकि कंडक्टर हरियाणा कौशल रोजगार निगम के तहत नियुक्त था।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घायलों को अस्पताल पहुंचाया।

हादसे से जुड़े PHOTOS…

बस इतनी रफ्तार में थी कि डिवाइडर से टकराकर लोडिंग गाड़ी में घुस गई। टायरों के घिसने के निशान भी सड़क पर पड़े दिखे।
बस इतनी रफ्तार में थी कि डिवाइडर से टकराकर लोडिंग गाड़ी में घुस गई। टायरों के घिसने के निशान भी सड़क पर पड़े दिखे।
उचाना में पलटी हरियाणा रोडवेज की बस।
उचाना में पलटी हरियाणा रोडवेज की बस।

जानकारी के अनुसार, HR-56GV-6198 नंबर की बस जयपुर जा रही थी। जींद की तरफ जाते हुए यह हादसा बड़ौदा गांव के पास हुआ। बस पहले डिवाइडर से टकराई, फिर सड़क किनारे खड़े लोडिंग टैंपू से। इसके बाद, वह सड़क से उतरकर करीब 20 मीटर दूर जाकर कच्चे में पलट गई, जिससे लोडिंग टैंपू क्षतिग्रस्त हो गया।

हादसे में ड्राइवर संदीप (थुआ), कंडक्टर सुरेंद्र, मानसी (करसिंधु), अंकित (कापड़ो), कमल (खरल), अंग्रेजो (डूमरखां), विजय (प्रयागराज, यूपी), नीलम (हरिनगर, नरवाना), नवीन (सुरजा खेड़ा), प्रवीन (ढाकल), राजपति (खड़वाल), पाली (डूमरखा कलां), और अनिल (डूमरखां कलां) घायल हो गए।

महिला यात्री प्रवीण डूमरखां ने बताया कि बस काफी रफ्तार में थी और ड्राइवर वीडियो कॉल पर मस्त था।
महिला यात्री प्रवीण डूमरखां ने बताया कि बस काफी रफ्तार में थी और ड्राइवर वीडियो कॉल पर मस्त था।

बस में मौजूद यात्री प्रवीण डूमरखां ने बताया कि बस बहुत तेज गति से चल रही थी और ड्राइवर (संदीप) का ध्यान फोन पर चल रही वीडियो कॉल पर था। लोडिंग गाड़ी का ड्राइवर शौच के लिए गाड़ी साइड में खड़ी करके गया हुआ था। ड्राइवर का अचानक ध्यान भटकने और संतुलन बिगड़ने के कारण यह हादसा हुआ।

लोडिंग गाड़ी ड्राइवर पंकज ने बताया कि वह उचाना का रहने वाला है। वह गाड़ी का काम करवाने के लिए जींद जा रहा था। रास्ते में शौच के लिए रुका था। अचानक से स्पीड में आई बस ने गाड़ी में टक्कर मार दी। वह गाड़ी से नीचे था, इसलिए बच गया। कई सवारियों को बहुत ज्यादा चोट आई हैं और कई सवारी की हल्की चोटें हैं। बस गाड़ी में टकराते ही हमने सबसे पहले डॉयल 112 पर फोन किया।

बस पलटने की जानकारी मिलने के बाद मौके पर पहुंची पुलिस।
बस पलटने की जानकारी मिलने के बाद मौके पर पहुंची पुलिस।

ट्रैफिक SHO शमशेर सिंह ने बताया कि जैसे ही पुलिस को हादसे की जानकारी हुई तो 10 मिनट के अंदर ही स्थिति को संभाल लिया गया। 10 से 15 मिनट के अंदर ही सभी घायलों को उपचार के लिए उचाना और जींद के अस्पताल में पहुंचाया गया। बस ओवर स्पीड में थी। डिवाइडर में टकराने के कारण बस ने अपनी लाइन बदली और साइड में खड़े लोडिंग गाड़ी में जा टकराई। हादसे में ड्राइवर समेत 5 से 6 लोगों को ज्यादा गंभीर चोटें लगी हैं।

पुलिस के साथ घायलों को अस्पताल ले जाते हुए स्थानीय लोग।
पुलिस के साथ घायलों को अस्पताल ले जाते हुए स्थानीय लोग।

उचाना चिकित्सा अधिकारी सुशील गर्ग ने बताया कि हमारे यहां सुबह 10 बजे मरीज आने शुरू हुए थे। पता चला कि एक्सीडेंट बड़ौदा के पास सरकारी बस का हुआ है। 24 मरीज उचाना के अस्पताल में पहुंचे, जिसमें से कई लोगों की हालत गंभीर थी, जिन्हें यहां से जींद रेफर किया गया। 18 मरीज को हल्की चोटें हैं, जिनको यहां प्राथमिक उपचार दिया गया। बस ड्राइवर को रोहतक पीजीआई रेफर किया गया। 5 मरीजों को फ्रैक्चर हुआ है।

Sahil Kasoon

The Air News (Writer/Editer)

Sahil Kasoon

The Air News (Writer/Editer)

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!