हरियाणा में XUV गाड़ी में धमाका:बोनट से धुआं उठता देख बाइक सवार ने बताया; हथिनीकुंड बैराज पर जाम, आर्मी बस फंसी
घटना सुबह करीब 9ः30 बजे की है। यूपी के गांव पठलोकर का तयैब अपनी भाभी नसीमा के साथ हरियाणा के गांव मालीमाजरा में शादी समारोह में शामिल होने जा रहे थे। जब यमुना नदी पर बने हथिनीकुंड बैराज पर पहुंचे तो सामने से आ रहे बाइक सवार ने गाड़ी रुकवाई।
गाड़ी के बोनट से धुआं निकल रहा था। तयैब व उनकी भाभी गाड़ी से उतरे। बाइक सवार युवक ने बोनट व बंपर खोला। तभी अचानक आग का गुब्बार निकला। आसपास के लोग दूर हट गए। तभी अचानक जोर का धमाका हुआ।

जिस महिंद्रा XUV 300 (HR71L-6002) गाड़ी में आग लगी, वह यमुनानगर के प्रतापनगर निवासी अनीश के नाम है। जबकि गाड़ी का इस्तेमाल उत्तर प्रदेश निवासी उसके मामा का बेटा तयैब करता है। गाड़ी हरियाणा के ही व्यासपुर में पंजीकृत है। 2024 मॉडल है।
तयैब ने बताया कि भाभी नसीमा के साथ शादी समारोह में शामिल होने के लिए घर से निकले थे। गांव से करीब 20 किलोमीटर तक गाड़ी ठीक चली। जब हथिनीकुंड बैराज से हरियाणा की सीमा में प्रवेश हुए, तभी एक बाइक सवार ने उनकी गाड़ी रुकवाई।

जब गाड़ी रोकी तो युवक ने बताया कि बोनट से धुआं निकल रहा है। इस पर देवर-भाभी गाड़ी से नीचे उतर गए। उस बाइक सवार युवक की मदद से गाड़ी का बोनट व बंपर खोला। तभी आग का गुब्बार उठा। सभी पीछे हट गए। कुछ देर में ही जोर का धमाका हुआ।
हथिनीकुंड बैराज पर बना पुल हरियाणा और यूपी को जोड़ता है। इस वजह से बैराज पर धमाके की आवाज से दो राज्यों की पुलिस अलर्ट हो गई। यूपी पुलिस पहले मौके पर पहुंची। हरियाणा पुलिस बाद में आई। हथिनीकुंड बैराज पर पहले पुलिस नाका था, जो काफी समय से बंद है।

जैसे ही कार में आग लगी, यूपी व हरियाणा की दमकल गाड़ियों को सूचना दी गई। यूपी के मिर्जापुर से पहले दमकल की गाड़ी पहुंची। जबकि हरियाणा से दमकल विभाग की गाड़ी करीब ढाई घंटे लेट यानी करीब 12 बजे पहुंची। मिर्जापुर से बैराज की दूरी करीब 20 किलोमीटर है, जबकि छछरौली से बैराज करीब 25 किलोमीटर दूर पड़ता है। डायल 112 की टीम भी करीब 11ः45 बजे मौके पर पहुंची।

मौके पर जुटे लोगों ने बताया कि जिस वक्त धमाका हुआ तो बैराज के पुल पर जाम लग गया। शादियों का सीजन होने की वजह से यहां काफी आवाजाही रहती है। हिमाचल, यूपी, हरियाणा व पंजाब के वाहन यहां से गुजरते हैं। इस दौरान आर्मी की गाड़ियां भी मूवमेंट कर रही थीं, जो जाम में फंस गईं। पुलिस ने पहले आर्मी की गाड़ियों को निकलवाया। उसके बाद एंबुलेंस को रास्ता दिया गया। करीब 12 बजे यातायात सामान्य हो सका।





Great article! For those looking to streamline their social media strategy, the AI Social Media Assistant from tyy.AI Tools offers a smart, efficient solution.