हिसार-दिल्ली हवाई सेवा 9 महीने में बंद:15 जनवरी तक उड़ानें रहेंगी प्रभावित; अयोध्या-चंडीगढ़ फ्लाइट अब सप्ताह में 1 दिन
हरियाणा के हिसार एयरपोर्ट पर धुंध को देखते हुए डीजीसीए ने नया विंटर शेड्यूल एक महीने के लिए जारी कर दिया है। इसमें हिसार से दिल्ली की फ्लाइट को 16 दिसंबर से आगामी आदेशों तक रद कर दिया है। इसके अलावा अयोध्या के लिए भी अब सप्ताह में एक बार फ्लाइट जाएगी। 15 जनवरी तक नया विंटर शेड्यूल लागू रहेगा। इसमें हिसार- दिल्ली, दिल्ली – हिसार हवाई रूट को बंद कर दिया गया है। हवाई सेवाओं के दिनों में भी बदलाव किया गया है। अब हिसार एयरपोर्ट से शुक्रवार, शनिवार, रविवार को ही हवाई सेवाएं संचालित होंगी। अन्य दिनों में कोई फ्लाइट नहीं होगी। महज 9 महीने में ही हिसार से दिल्ली की हवाई सेवा को बंद कर दिया गया है। बताया जा रहा है कि हिसार से दिल्ली के लिए काफी कम संख्या में यात्री मिल रहे थे। इसके चलते इस रूट पर हवाई सेवा बंद करने का निर्णय लिया। हिसार से अयोध्या रूट में भी बदलाव किया गया है। अभी तक अयोध्या के लिए सप्ताह में दो दिन फ्लाइट थी। अब एक दिन ही चलेगी। हिसार-जयपुर अब दो दिन उड़ेंगे जहाज हिसार से जयपुर के लिए पहले एक दिन फ्लाइट थी जिसे अब दो दिन कर दिया है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इसी साल 14 अप्रैल को हिसार से अयोध्या और दिल्ली के लिए उड़ान सेवा का शुभारंभ किया था। इसके बाद 9 जून को मुख्यमंत्री नायब सैनी ने हिसार से चंडीगढ़ के लिए हवाई सेवा को हरी झंडी दिखाई थी। 12 सितंबर को मुख्यमंत्री ने वर्चुअली तौर पर हिसार से जयपुर के लिए विमान सेवा शुरू की। तब तक दिल्ली के लिए सप्ताह में दो दिन हवाई सेवा संचालित की जा रही थी जिसे सप्ताह में केवल एक दिन रविवार को कर दिया था। हिसार-चंडीगढ़ फ्लाइट का समय बदला हिसार से चंडीगढ़ फ्लाइट पहले सप्ताह में तीन दिन मंगलवार, वीरवार और शनिवार को उड़ती थी। अब इसके फेरे घटा दिए गए हैं। अब यह फ्लाइट सप्ताह में एक दिन शुक्रवार को ही उड़ेगी। पहले इसका समय सुबह 12:35 बजे से था जो अब शाम को सवा 4 बजे तक दिया है। वहीं चंडीगढ़ से हिसार का समय पहले सुबह 11:10 बजे था जो अब बदलकर सुबह 9:50 कर दिया गया है। एयरपोर्ट प्रशासन का कहना है कि आगामी धुंध के सीजन को देखते हुए समय में बदलाव किया गया है।





