4 साल की बच्ची की किडनैप कर हत्या:लाश सिरसा में माइनर में फेंकी, युवक बाइक पर बैठाकर ले जाता दिखा; अंतिम संस्कार से इनकार
हरियाणा के सिरसा में 4 साल की बच्ची की किडनैपिंग के बाद हत्या कर दी गई। बच्ची का शव बुधवार सुबह गांव के बाहर माइनर में पड़ा हुआ मिला। घटना की सूचना मिलते ही डबवाली SP निकिता खट्टर पुलिसबल के साथ गांव में पहुंचीं। फिलहाल परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है।
बच्ची मंगलवार शाम को रामपुरा बिश्नोईयां गांव से लापता हुई थी। पड़ोस में अपनी बहन के यहां आया युवक बच्ची को चीज दिलाने के बहाने अपने साथ ले गया था। वह गांव के बाहर CCTV कैमरे में कैद हुआ। घटना के बाद परिवार के लोगों ने पुलिस को शिकायत दी थी। फिलहाल पुलिस ने युवक को गिरफ्तार कर लिया है। उससे पूछताछ की जा रही है।
बच्ची के परिजनों ने आरोपी युवक संजय सहित पड़ोसी प्रेम कुमार और राजेश कुमार के पूरे परिवार पर आरोप लगाया है। उनका कहना है कि जब तब इन सभी के खिलाफ कार्रवाई नहीं होगी, तब तक वे अंतिम संस्कार नहीं कराएंगे।
मोरीवाला गांव का संजय मंगलवार को रामपुर बिश्नोईयां गांव में शादीशुदा अपनी बहन कविता और कैलाश के पास आया था। शाम को वह गांव के बस अड्डे पर मौजूद था। शाम साढ़े 4 से 5 बजे के बीच नूर अपने घर के बाहर खेल रही थी। संजय ने अपने 14 वर्षीय भांजे से कहा कि नूर घर के बाहर खेल रही है, उसे बाइक पर ले आ, उसे चीज दिला देंगे। इसके बाद किशोर नूर को बाइक पर आगे बैठाकर बस अड्डे पर ले आया। संजय तीनों को बाइक पर बैठाकर गांव से बाहर चला गया। पुलिस के मुताबिक, कुछ दूरी पर जाकर संजय ने अपने भांजे को उतार दिया और कहा कि मैं अभी कुछ देर में वापस आता हूं। इसके बाद वह नूर को लेकर झूठीखेड़ा गांव की ओर चला गया। शाम को नूर की दादी ने उसे ढूंढना शुरू कर दिया। परिवार ने पड़ोसी किशोर से भी उसके बारे में पूछा, लेकिन तब उसने कुछ नहीं बताया। इसके बाद मामले की सूचना पुलिस को दी गई।
पुलिस ने गांव में CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली। इसमें पड़ोसी किशोर अपने मामा के साथ बाइक पर नूर को लेकर जाता हुआ दिखाई दिया। इसके बाद पुलिस ने किशोर से पूछताछ कि तो उसने बताया कि मामा उसे गांव से बाहर छोड़कर नूर को लेकर चला गया था। इसके बाद उसे कुछ नहीं पता। डबवाली सदर थाना प्रभारी शैलेंद्र सिंह ने बताया कि बुधवार सुबह नूर का शव गांव से बाहर छोटी माइनर में पड़ा मिला। नूर के शव को पोस्टमॉर्टम के लिए सिविल अस्पताल में भिजवा दिया है। संजय को भी पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। वह नूर को ले जाने के बाद अपने गांव मोरीवाला चला गया था। डर के कारण वह खेतों में बाग में छिप गया। उससे पूछताछ की जा रही है।
बच्ची का शव मिलने के बाद की तस्वीरें…





इकलौती बेटी थी नूर नूर मां-बाप की इकलौती बच्ची थी। अभी उसने स्कूल जाना शुरू नहीं किया था। उसके दीपक मजदूरी करते हैं। दीपक की 6 साल पहले पूजा के साथ शादी हुई थी। दीपक का एक भाई है। घर में नूर के दादा और दादी भी हैं। परिवार के सभी सदस्य मजदूरी करते हैं।
SP बोलीं- गलत काम की आशंका नहीं SP निकिता खट्टर ने कहा कि बच्ची के मिसिंग होने की सूचना मिली थी। उसी समय हमने पुलिस फोर्स लगा दी। बुधवार को बच्ची का शव माइनर से मिला। युवक बच्ची को क्यों लेकर गया था, इसमें किसी गिरोह का हाथ है या कोई और मामला है, इसका पता लगाया जा रहा है। अभी बच्ची के साथ गलत काम होने की आशंका नहीं है, फिर भी इसकी जांच कराई जाएगी।
दिग्विजय चौटाला ने CM सैनी और DGP पर निशाना साधा डबवाली से जजपा की टिकट पर चुनाव लड़ने वाले दिग्विजय चौटाला बोले, हमारे हलके डबवाली में अप्रिय घटना हुई है। प्रदेश की कानून व्यवस्था की असलियत सामने आई है। चार साल की बच्ची को अपहरण करके ले जाया जाता है। पुलिस को बताने के बावजूद हाथ पे हाथ धरे बैठी रही। बार-बार समाज, ग्रामीण व पॉलिटिकल लोगों ने गुहार की कि ये सीसीटीवी फुटेज है और ये लोग लेकर गए। इनकी धरपकड़ की जाए। पुलिस ने कोई कार्रवाई नहीं की।
दिग्विजय बोले, इसका रिजल्ट ये रहा कि आज उसका शव माइनर में मिला है। एक तरफ प्रदेश के मुखिया मुख्यमंत्री सैनी साहब कहते हैं कि मैं प्रदेश को सुरक्षित हाथों में लेकर गया हूं और एक साल में प्रदेश को सुरक्षित बनाया है। एनसीआरबी की जो रिपोर्ट थी, आज वो मुंह पर तमाचा है। तीन-चार साल की बच्चियां भी सुरक्षित नहीं है।
शर्म आनी चाहिए। वो ओपी सिंह, अपने आप को डीजीपी समझते हैं और कहते हैं कि मैं प्रदेश को सुरक्षा दूंगा, आज उनको डूब मरना चाहिए। प्रदेश में ऐसी बदहाल कानून व्यवस्था, कि आज हमारे हालात यूपी, बिहार से भी ज्यादा खराब है। इससे ज्यादा गलत नहीं हो सकता। यहीं मांग करूंगा कि सीएम उनके परिवार का दुख बांटने का काम करे।




