बस अड्डा कैथल पर ऑटो रिक्शा चालकों को वर्दी वितरित, ट्रैफिक नियमों की सख्ती से पालना के दिए निर्देश
कैथल, 09 फरवरी – शहर में यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने तथा आमजन को सुरक्षित व सुगम परिवहन सुविधा उपलब्ध कराने के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक उपासना के निर्देशानुसार बस अड्डा कैथल पर ट्रैफिक एसएचओ इंस्पेक्टर सतपाल द्वारा ऑटो रिक्शा यूनियन के साथ एक विशेष बैठक आयोजित की गई। इस दौरान ऑटो रिक्शा चालकों को वर्दी वितरित करते हुए यातायात नियमों की सख्ती से पालना करने के निर्देश दिए गए।
पुलिस प्रवक्ता ने बताया की इस दौरान ट्रैफिक एसएचओ इंस्पेक्टर सतपाल ने कहा कि बस अड्डा शहर का प्रमुख सार्वजनिक स्थल है, जहां प्रतिदिन बड़ी संख्या में यात्री आते-जाते हैं। ऐसे में ऑटो रिक्शा चालकों की जिम्मेदारी बनती है कि वे अनुशासन बनाए रखें और यात्रियों को बेहतर सेवा प्रदान करें। उन्होंने स्पष्ट किया कि सभी ऑटो रिक्शा चालकों के लिए निर्धारित वर्दी पहनना अनिवार्य किया गया है, ताकि उनकी पहचान सुनिश्चित हो सके और अवैध गतिविधियों पर अंकुश लगाया जा सके। एसएचओ ने कहा कि बिना वर्दी ऑटो रिक्शा चलाने वाले चालकों के खिलाफ नियमानुसार कानूनी कार्रवाई की जाएगी। इसके साथ ही चालकों को निर्धारित स्थान से ही सवारी बैठाने-उतारने, यातायात नियमों का पालन करने, ओवरलोडिंग से बचने तथा यात्रियों के साथ शिष्ट व सभ्य व्यवहार रखने के निर्देश दिए गए। उन्होंने कहा कि वर्दी प्रणाली लागू होने से ऑटो चालकों की एक अलग पहचान बनेगी, जिससे यात्रियों का भरोसा भी बढ़ेगा और यातायात व्यवस्था को सुव्यवस्थित रखने में मदद मिलेगी। पुलिस प्रशासन का उद्देश्य चालकों के खिलाफ कार्रवाई करना नहीं, बल्कि उन्हें नियमों के प्रति जागरूक कर सुरक्षित व व्यवस्थित यातायात व्यवस्था स्थापित करना है। इस दौरान ऑटो रिक्शा यूनियन के प्रतिनिधियों ने पुलिस प्रशासन को पूर्ण सहयोग देने का आश्वासन दिया। यूनियन पदाधिकारियों ने कहा कि सभी चालक निर्धारित वर्दी पहनेंगे और यातायात नियमों की पालना सुनिश्चित करेंगे।





