loader image
Latest:
Thursday, February 5, 2026

CM सैनी ने 6 पटवारियों को सस्पेंड किया:खराब फसल की एक ही फोटो कई बार अपलोड की; एक हफ्ते में मुआवजा देने के आदेश

 

हरियाणा के सीएम नायब सैनी किसानों को मुआवजा देने में हो रही देरी पर लगातार सख्त रुख अपना रहे हैं। इसी कड़ी में आज (शुक्रवार को) उन्होंने ई-क्षतिपूर्ति पोर्टल पर फसल नुकसान की एक ही फोटो बार-बार अपलोड करने वाले 6 पटवारियों को तुरंत सस्पेंड करने के आदेश जारी कर दिए।

मुख्यमंत्री ने इस मामले की जांच के भी निर्देश दिए हैं। उन्होंने अधिकारियों को साफ कहा है कि जांच में जो भी अन्य कर्मचारी या अधिकारी दोषी पाए जाएं, उनके खिलाफ भी सख्त कार्रवाई की जाए। इसके साथ ही उन्होंने एक सप्ताह में मुआवजा देने के निर्देश दिए।

इन 6 हल्कों के पटवारियों पर कार्रवाई

जिन पटवारियों के खिलाफ सीएम ने निलंबन के आदेश दिए हैं, उनमें जुई खुर्द (भिवानी), बोरीपुर (कुरुक्षेत्र), कालवन (जींद), जंडवाला (फतेहाबाद), पटौदी (गुरुग्राम) और निमली (दादरी) के पटवारी शामिल हैं।

सीएम ने कहा कि है कि जिन किसानों को वास्तविक रूप से नुकसान हुआ है, उन्हें जल्द मुआवजा दिया जाए। सीएम ने एक सप्ताह के भीतर पीड़ित किसानों को मुआवजा जारी करने के भी निर्देश दिए हैं।

CM बोले- बिना भेदभाव के मदद दें अधिकारी

सीएम ने कहा, सरकार की मंशा है कि प्रत्येक पात्र व्यक्ति तक बिना किसी भेदभाव के सरकारी सहायता पहुंचे। जिन किसानों का वास्तविक नुकसान हुआ है, उन्हें मुआवजा मिलना सुनिश्चित किया जाए।

मानसून के दौरान अधिक वर्षा से हुए फसली नुकसान की भरपाई के लिए सीएम नायब सिंह सैनी ने पहले ही स्पष्ट निर्देश दिए थे कि फसल खराबे की जांच निष्पक्ष और पारदर्शी तरीके से की जाए तथा रिपोर्ट समय पर भेजी जाए। सीएम ने रिपोर्टों में देरी और धोखाधड़ी के मामले सामने आने पर चिंता व्यक्त की।

कई स्थानों पर जहां नुकसान नहीं हुआ, वहां भी संबंधित पटवारियों द्वारा गलत रिपोर्टिंग की गई। इसके अतिरिक्त, एक ही फसल खराबे की फोटो को कई बार पोर्टल पर अपलोड कर सरकारी धन के दुरुपयोग का प्रयास किया गया। मुख्यमंत्री ने ऐसे सभी दोषी पटवारियों के विरुद्ध कठोर अनुशासनात्मक कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए ।

Sahil Kasoon

The Air News (Writer/Editer)

Sahil Kasoon

The Air News (Writer/Editer)

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!