अंबाला के विशाल मेगा मार्ट में आग:2 फ्लोर का सामान खाक, धुआं भरने से बैंक का अलार्म बजा; एक दमकलकर्मी की हालत बिगड़ी

हरियाणा के अंबाला में आज सुबह करीब 9 बजे विशाल मेगा मार्ट में आग लग गई। आग ने थोड़ी ही देर में पूरे मॉल को चपेट में ले लिया। इसकी जानकारी लोगों को तब हुई, जब मॉल के आगे लगे शीशे आग की गर्मी से चटककर गिरने लगे और धुआं बाहर आने लगा।
इसके बाद लोगों ने इसकी सूचना तुरंत फायर ब्रिगेड को दी। पहले फायर ब्रिगेड की 3 गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और आग पर काबू पाने की कोशिश की। हालांकि, आग ज्यादा फैल जाने से इस पर काबू पाना मुश्किल हो गया। इसके बाद 5 गाड़ियां और पहुंचीं, जिससे आग काबू में आई।
फायर अधिकारी तरसेम राणा ने बताया कि आग कपड़ों में फैल गई थी, जिससे इस पर काबू पाने में मुश्किल आई। शीशे भी टूट कर गिर रहे हैं। इसमें कोई जानी नुकसान नहीं हुआ। हालांकि, दमकलकर्मी परमजीत का दम घुट गया। उसे सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया।
उन्होंने बताया कि ग्राउंड फ्लोर पर आग नहीं पहुंची थी, लेकिन ऊपर के दोनों फ्लोर पर पूरा सामान जल गया। प्लास्टिक के बैग और कपड़ों में आग लगी, जो घंटों सुलगती रही। आसपास मौजूद 3 बैंक आग काबू में आने तक एहतियातन बंद करवाए गए थे। इसमें से एक बैंक में धुआं भरने से फायर अलार्म बज गया था।



दमकल अधिकारी ने ये बातें बताईं…
- करीब 6 घंटे में आग काबू में आई: फायर अधिकारी के मुताबिक, करीब 6 घंटे बाद आग पर काबू पाया गया। शुरुआती कार्रवाई में फायर कर्मियों ने मॉल के आग लगी आग पर काबू पाया। इसके साथ ही आग को नीचे के फ्लोर पर आने से रोका, जिससे नुकसान में कमी आए। पहले मौके पर 3 गाड़ियां आग बुझाने पहुंची थीं, लेकिन वह काफी नहीं हुईं। उसके बाद 5 गाड़ियां और आईं। कुल 8 दमकल गाड़ियों की मदद से आग काबू में आई।
- प्लास्टिक के सामान ने बढ़ाई मुश्किल: फायर ब्रिगेड अधिकारी के मुताबिक, आग पर पूरी तरह काबू पाने में ज्यादा समय इसलिए लगा, क्योंकि मॉल के अंदर प्लास्टिक के सामान में आग सुलग रही थी। बाहर से आग पर काबू पाने के बाद कर्मी अंदर घुसे। अधिकारी ने बताया कि कर्मी बाहर से आग बुझाकर पहले और दूसरे फ्लोर पर अंदर पहुंचे। वहां पूरा सामान जल चुका था। इसके बाद भी प्लास्टिक के सामान में आग फैली हुई थी। उसे काबू करने में घंटों लग गए।

- कपड़ों ने पकड़ी तेजी से आग: फायर अधिकारी का कहना था कि शॉर्ट सर्किट से यह आग लगी होगी। इसके बाद आग ने कपड़ों को अपनी चपेट में लिया। कपड़ों के चपेट में आने से आग तेजी से फैल गई। इसने पूरे 2 फ्लोर को चपेट में ले लिया था। हालांकि, ग्राउंड फ्लोर पर आग नहीं पहुंची थी।
- सुरक्षित कपड़ों को बाहर निकाला: आग लगते ही नीचे के फ्लोर से पहले कपड़ों को बाहर निकाला गया, ताकि आग को ज्यादा न फैलने दिया जाए। कुछ कपड़े सुरक्षित जरूर निकले गए। हालांकि, आग ने ऊपर के 2 फ्लोर पर रखा सामान जलाकर राख कर दिया है।

- शीशे टूट-टूट कर गिरे: मॉल के फ्रंट में लगे शीशे लगातार आग की गर्मी से टूट-टूट कर गिर रहे थे। शीशों के टूटने की वजह से लोगों को मॉल से पीछे की ओर किया गया। मॉल में अंदर की तरफ आग काफी तेज थी। उसे बुझाने में दमकल को काफी मशक्कत करनी पड़ी।
- अलर्ट पर रखे थे सभी फायर स्टेशन: आग की सूचना के बाद ही फायर ब्रिगेड टीम ने अन्य स्टेशनों की टीमों को अलर्ट पर रखा था। जैसे ही अधिक गाड़ियों की आवश्यकता पड़ी तो और गाड़ियां अन्य स्टेशनों से भी आईं। कुल 8 गाड़ियों ने आग पर काबू पाया।

आग लगने के दौरान ये 3 घटनाएं भी घटीं…
- दमकलकर्मी की तबीयत बिगड़ी: आग बुझाने आई फायर ब्रिगेड की टीम में परमजीत नाम के कर्मी की तबीयत बिगड़ गई। आग से उठ रहे धुएं में उनका दम घुट गया। इसके बाद उन्हें सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया।
- बिल्डिंग से तिरंगा उतारा: मॉल की बिल्डिंग में आग लगने के बाद मौके पर पुलिस भी पहुंची थी। इस दौरान हरियाणा पुलिस के एक जवान ने बिल्डिंग पर तिरंगा लहराता हुआ देखा। तिरंगा कहीं आग में जल न जाए, इसलिए पुलिस जवान ने तिरंगे को सम्मान के साथ उतारा और उसे सुरक्षित स्थान पर रखवाया।
- बैंक का फायर अलार्म बजा: मॉल में आग लगने पर फायर ब्रिगेड और पुलिस ने आसपास से भीड़ हटाई थी। इसके बाद पास की ही 3 बैंकों को खुलने नहीं दिया था। इसके बाद भी एक बैंक में धुआं भर गया और उसका फायर अलार्म बज गया। मौके पर मौजूद बैंक स्टाफ ने इसे बंद कराया।

अंबाला सिटी, कैंट और नारायणगढ़ से बुलाईं गाड़ियां बलदेव नगर थाने के SHO रमेश कुमार ने बताया कि आग की सूचना लगते ही सिटी, कैंट और नारायणगढ़ से दमकल की गाड़ियां बुलाई गईं। आग काफी तेज थी। हालांकि, कोई जानी नुकसान की सूचना नहीं है।
SHO ने कहा कि आग ऊपर के 2 फ्लोर पर तेजी से फैली हुई थी। दोनों फ्लोर पर रखा सामान पूरी तरह खाक हो गया। हालांकि, ग्राउंड फ्लोर पर आग नहीं पहुंची। वहां से कुछ सामान भी निकाल लिया गया है। आग लगने के कारणों का पता लगा रहे हैं।




