loader image
Saturday, March 28, 2026

करनाल के युवक को अमेरिका में मारी गोली:2024 में डंकी के रास्ते पहुंचा था

करनाल जिले के समौरा गांव के एक युवक की अमेरिका के जॉर्जिया में गोली मारकर हत्या कर दी गई। वारदात की खबर जैसे ही गांव पहुंची, तो पूरे इलाके में सन्नाटा पसर गया। युवक करीब दो साल पहले विदेश गया था और वहां नौकरी कर रहा था। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है और हत्या के कारणों की पड़ताल की जा रही है।

जानकारी के अनुसार, समौरा गांव के चेतक शर्मा उर्फ लाखा साल 2024 में डंकी के जरिए करीब 7 महीने का कठिन सफर तय कर अमेरिका पहुंचा था। वहां काफी मशक्कत के बाद उसे जॉर्जिया में गुजरात के एक स्टोर संचालक के यहां स्टोरकीपर की नौकरी मिली थी, परिवार के लिए वही सहारा था।

मृतक चेतक के घर बैठे परिवार के सदस्य।
मृतक चेतक के घर बैठे परिवार के सदस्य।

लोगों ने बताया कि चेतक अपने व्यवहार और मददगार स्वभाव के कारण गांव और बाहर दोनों जगह जाना जाता था। विदेश में भी वह मुश्किल में फंसे भारतीयों की मदद करता था। गांव में रहते हुए भी जरूरतमंदों के लिए हमेशा आगे रहता था। उसने दरड़ गांव के पास स्थित स्कूल से 12वीं की पढ़ाई पूरी की थी।

पूर्व सरपंच व ब्राह्मण सभा इन्द्री के प्रधान सुरेन्द्र शर्मा ने बताया कि सूचना मिली कि चेतक को उसके कमरे में गोली मारी गई। घटना के बाद स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और शव को अपने कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी। पुलिस ने उसके रूममेट को पूछताछ के लिए साथ ले लिया है।

परिवार के लोगों को सांत्वना देने पहुंचे लोग।
परिवार के लोगों को सांत्वना देने पहुंचे लोग।

सुरेन्द्र शर्मा के अनुसार, चेतक के साथ गांव समौरा का एक अन्य युवक भी रहता था, जो करीब 20 दिन पहले भारत लौट आया था। घटना के बाद गांव में शोक का माहौल है और परिजनों के घर सांत्वना देने वालों का तांता लगा हुआ है। परिजन लगातार मामले की जानकारी जुटाने में लगे हैं।

Sahil Kasoon

The Air News (Writer/Editer)

Sahil Kasoon

The Air News (Writer/Editer)

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!