कैथल के अमेरिका में मृत युवक का शव गांव पहुंचा:परिजनों ने किया अंतिम संस्कार, 3 साल पहले विदेश गया था
हरियाणा में कैथल जिले के गांव करोड़ा के युवक की अमेरिका में हार्ट अटैक से मौत के बाद अब पार्थिव शरीर गांव में पहुंचा। परिजनों द्वारा युवक का अंतिम संस्कार किया गया। परिवार को बेटे के अंतिम दर्शन करवाने के बाद उसका संस्कार कर दिया गया। युवक के अंतिम संस्कार में गांव के लोगों के साथ-साथ सामाजिक संस्थाओं व संगठनों से जुड़े लोग भी शामिल हुए और नम आंखों से उसे विदाई दी
अमेरिका के फ्रेस्नो शहर में युवक की मौत के बाद समाजसेवी जसबीर लोहान मौके पर पहुंचे। उन्होंने वहां से पार्थिव शरीर को भारत भेजने की प्रक्रिया शुरू करवाई। उन्होंने बताया कि यह बेहद दुखद समय रहा और कोशिश रही कि जल्द से जल्द शव भारत पहुंचे, ताकि परिवार अपने बेटे के अंतिम दर्शन कर सके। अब युवक का संस्कार किया गया है।
मृतक सुनील उर्फ मोना करोड़ा कैलिफोर्निया में रह रहा था। रात को अपनी मां से बातचीत करने के बाद वह सो गया था। उसके साथ रहने वाले युवक जब बाहर से लौटे तो वह बेड के नीचे पड़ा मिला। उसे तुरंत अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
रिश्ते में चाचा विजेंद्र ने बताया कि सुनील मई 2023 में डंकी रूट से अमेरिका गया था। परिवार ने करीब 40 लाख रुपए खर्च कर उसे विदेश भेजा था। वहां वह गाड़ी चलाने का काम करता था और परिवार की आर्थिक स्थिति सुधारने की उम्मीद थी।
सुनील अविवाहित था और परिवार में उसकी मां व बड़ा भाई है। पिता का पहले ही निधन हो चुका है। घटना से पहले उसने अपनी मां से फोन पर बात की थी और कहा था कि रात हो गई है, अब वह सोने जा रहा है। इसके बाद संपर्क नहीं हो पाया। परिजनों ने बताया कि बेटे को विदेश भेजने के लिए कर्ज तक लेना पड़ा था। अब उसकी मौत के बाद परिवार सदमे में है।




