गार्ड ऑफ ऑनर के साथ जवान को दी अंतिम विदाई:कुरुक्षेत्र में एक साथ जली भाई-बहन की चिता, पेड़ से टकराई थी कार

कुरुक्षेत्र जिले में कल रात लाडवा-इंद्री रोड पर हुए सड़क हादसे में 22 साल के अग्निवीर जवान और उसकी 12 साल की चचेरी बहन की मौत हो गई। हादसे में उसका 13 साल का भतीजा गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसका कुरुक्षेत्र के एक निजी अस्पताल में इलाज चल रहा है।
आर्यन को गार्ड ऑफ ऑनर के साथ अंतिम विदाई दी गई। जैसे ही आर्यन का शव गांव में पहुंचा तो पूरा गांव भारत माता की जय और आर्यन शर्मा अमर रहे, के नारों के गूंज उठा।
लाठी-धनौरा गांव के बीच उनकी कार बेकाबू होकर सड़क किनारे खड़े पेड़ से टकरा गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार का अगला हिस्सा टूटकर करीब 10 फुट दूर जाकर गिरा। इसके बाद कार खेत में जाकर पलटकर गई। मृतक की पहचान आर्यन और कनिका शर्मा निवासी बडौदा के रूप में हुई।

पुलिस के मुताबिक, आर्यन अपनी बहन कनिका और भतीजे अभि (13) के साथ कार में लाडवा अपने पड़ोसी के शादी समारोह में आया था। रात करीब 8 बजे तीनों वापस अपने घर जा रहे थे। गांव लाठी धनौरा और जैनपुर जाटान के बीच पहुंचे तो ब्रेजा कार (HR75D-6975) ने आर्यन की कार को साइड मार दी।
इससे आर्यन की कार बेकाबू होकर सड़क किनारे खड़े पेड़ से टकराकर पास के खेत में जा गिरी। एक्सीडेंट आर्यन के पीछे अपनी कार में आ रहे उसके चचेरे भाई अंकुश शर्मा के सामने ही हुआ। उसने तुरंत अपनी कार रोकी और गाड़ी में फंसे तीनों को बाहर निकालने की कोशिश की।

इसी दौरान आसपास के लोग मौके पर आए और अंकुश की मदद करते हुए तीनों को कार से बाहर निकालकर लाडवा के सरकारी अस्पताल पहुंचाया। यहां डॉक्टरों ने जांच के बाद आर्यन और कनिका को मृत घोषित कर दिया, जबकि अभि की हालत गंभीर होने के कारण उसे प्राथमिक उपचार के बाद कुरुक्षेत्र रेफर कर दिया गया।
थाना लाडवा के SHO गुरनाम सिंह ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। भाई-बहन के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस आज उन दोनों के शवों का पोस्टमॉर्टम करवाकर परिवार के हवाले कर दिया। पुलिस ने अंकुश के बयान पर कार नंबर के आधार पर केस दर्ज किया है।

आर्यन को गार्ड ऑफ ऑनर के साथ अंतिम विदाई दी गई। आर्मी की ओर से कैप्टन, 2 JCO और 13 जवानों की टुकड़ी आर्यन को गार्ड ऑफ ऑनर देने पहुंची थी। जैसे ही आर्यन का शव गांव में पहुंचा तो पूरा गांव भारत माता की जय और आर्यन शर्मा अमर रहे, के नारों के गूंज उठा। आर्यन के शव को देकर उसकी मां-बहनें उससे लिपट गईं।
हादसे में जख्मी हुए अभि के पिता जोनी और मां ऑस्ट्रेलिया में रहते हैं। अभि यहां अपने चाचा के पास रह रहा है। उधर, आर्यन करीब 2 साल पहले अग्निवीर योजना में सेना में भर्ती हुआ था। आर्यन 5 दिन पहले ही छुट्टी लेकर घर आया था।
आर्यन को अपनी बुआ के घर भात भरना था। उसी के लिए आर्यन सिक्किम बॉर्डर से छुट्टी लेकर आया था। परिवार भात भरने की तैयारी कर रहा था। उधर, 12 साल की कनिका अपने माता-पिता की इकलौती संतान थी। घटना के बाद से गांव में मातम पसरा हुआ है।




