जिला पुलिस का सड़क सुरक्षा अभियान,गलत लेन, वाहन से ध्वनि प्रदूषण, लाल नीली बत्ती का इस्तेमाल तथा नशा करके वाहन चलाने वालों पर कड़ी कार्रवाई 1 सप्ताह तक विशेष अभियान चलाकर किए गए 51 वाहनों के चालान
कैथल, 02 फरवरी – पुलिस महानिरीक्षक यातायात एवं हाईवे हरियाणा के आदेशानुसार, एसपी उपासना के कुशल नेतृत्व में जिला पुलिस द्वारा सड़क सुरक्षा सुनिश्चित करने तथा सड़क हादसों की रोकथाम के उद्देश्य से 26 जनवरी से 1 फरवरी तक विशेष अभियान चलाया गया। इस अभियान के तहत ट्रैफिक पुलिस टीम द्वारा गलत लेन में वाहन, लाल नीली बत्ती का इस्तेमाल व नशा करके वाहन चलाने वालों तथा प्रेशर हॉर्न व बुलेट बाइक से पटाखे बजाकर या अन्य तरीके से ध्वनि प्रदूषण करने वाले चालकों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की गई। अभियान के दौरान गलत लेन में वाहन चलाने के 7, ध्वनि प्रदूषण करने के 10, लाल नीली बत्ती इस्तेमाल के 29 तथा शराब पीकर वाहन चलाने वाले 5 वाहन चालकों के चालान काटे गए। पुलिस ने इस दौरान सभी वाहन चालकों को भी यातायात नियमों की पालना करने, सुरक्षित गति से वाहन चलाने तथा नशे की हालत में वाहन न चलाने की सख्त हिदायत दी। एसपी उपासना ने बताया कि जिला पुलिस द्वारा सड़क सुरक्षा को लेकर ऐसे विशेष अभियान लगातार चलाए जाएंगे। यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों पर कड़ी कार्रवाई के साथ-साथ आमजन को यातायात जागरूकता कार्यक्रमों के माध्यम से नियमों की जानकारी भी दी जाएगी, ताकि दुर्घटनाओं को रोका जा सके और सड़क पर सभी की सुरक्षा सुनिश्चित हो सके।





