जींद में नाबालिग लड़की से गैंगरेप:फोन पर होती थी लड़के से बात, बाइक पर बैठाकर ले गया, वारदात के बाद बिगड़ी तबीयत

जींद जिले में नरवाना सदर थाना क्षेत्र के एक गांव में चार लड़कों पर एक नाबालिग लड़की से गैंगरेप करने का आरोप लगा है। पुलिस ने लड़की की शिकायत पर चारों आरोपियों के खिलाफ रेप और पॉक्सो एक्ट के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पीड़िता ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उसकी अपने गांव के एक लड़के से फोन पर बातचीत होती थी। सोमवार की शाम को आरोपी लड़का उसे बाइक पर बैठाकर एक जगह ले गया। जहां पहले से ही उसके गांव के दो लड़कों सहित तीन अन्य लड़के मौजूद थे। लड़की के अनुसार, उन चारों लड़कों ने उसके साथ जबरदस्ती रेप किया और किसी को बताने पर जान से मारने की धमकी दी। घटना के बाद उसकी तबीयत बिगड़ गई, जिसके बाद परिजन उसे नागरिक अस्पताल ले गए। वहां से उसे जींद रेफर कर दिया गया। सदर थाना, नरवाना की सब-इंस्पेक्टर सुनीता ने बताया कि पुलिस ने लड़की की शिकायत पर मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस चारों आरोपियों की तलाश कर रही है और जल्द ही उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा।




