झज्जर में स्कूल-रोडवेज बस टक्कर, छात्रा की मौत:एक दर्जन लड़कियां घायल, टूर पर जा रही थी, ड्राइवर का पैर कुचला
रोडवेज बस और स्कूल बस आपस में टकरा गई, जिससे स्कूल बस में सवार एक छात्रा की मौत हो गई और करीब एक दर्जन लड़कियां घायल हो गई। चरखी दादरी के आर्यन स्कूल की बस टूर के लिए झज्जर की ओर आ रही थी। इस हादसे में घायल हुई लड़कियों को दादरी जिले के नागरिक अस्पताल में इलाज के लिए भिजवाया है। जहां एक छात्रा इशिका को मृत घोषित कर दिया गया।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। इसके अलावा रेवाड़ी रोड पर कुलाना चौक के समीप कोहरे के कारण एक सड़क हादसा हो गया। दो बसों के आपस में टकरा जाने से कई यात्री घायल हो गए, जबकि एक बस चालक गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। पुलिस मौके पर पहुंची और हादसे को लेकर जांच में जुटी।

जानकारी के अनुसार, यह दुर्घटना उस समय हुई जब रेवाड़ी की ओर से झज्जर आ रही एक निजी सवारी बस आगे चल रही एक कंपनी की बस से पीछे से जा टकराई। अचानक हुई टक्कर के कारण सवारी बस में बैठे यात्रियों में चीख-पुकार मच गई।


सवारियों को आई हल्की चोटें
हादसे में बस में सवार कई यात्रियों को हल्की-फुल्की चोटें आई हैं, वहीं सवारी बस ड्राइवर का पैर बस के अगले हिस्से में फंसने से बुरी तरह कुचल गया। ड्राइवर की हालत गंभीर बताई जा रही है। वहीं बस ड्राइवर बेरी निवासी रवि ने बताया कि वे सवारियों को लेकर खाटू से झज्जर की ओर आ रहे थे। रास्ते में हाइवे पर बीच सड़क में ट्रक खड़ा था। जिसमें धुंध के कारण अचानक टक्कर लग गई।

पुलिस हादसे को लेकर जांच में जुटी
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और तुरंत बचाव कार्य शुरू किया। पुलिस की मौजूदगी में घायलों को एम्बुलेंस की सहायता से इलाज के लिए सामान्य अस्पताल झज्जर भिजवाया गया। गंभीर रूप से घायल ड्राइवर को प्राथमिक उपचार के बाद हायर सेंटर रेफर कर दिया गया है। हादसे के चलते कुछ समय के लिए झज्जर-रेवाड़ी रोड पर जाम की स्थित भी बनी।
फिलहाल पुलिस द्वारा मामले की जांच की जा रही है। प्रारंभिक जांच में हादसे का कारण अधिक धुंध बताया जा रहा है, हालांकि वास्तविक कारण जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट हो पाएगा।




