डीसी ने गणतंत्र दिवस समारोह की तैयारियों को लेकर ली बैठक, अधिकारियों को दिए आवश्यक दिशा-निर्देश
डीसी अपराजिता ने कहा कि आगामी 26 जनवरी को गणतंत्र दिवस समारोह का आयोजन पुलिस लाइन मैदान में गरिमापूर्ण, अनुशासित एवं राष्ट्रभक्ति की भावना से मनाया जाएगा। इसमें देश भक्ति व विभिन्न लोक संस्कृति से ओत-प्रोत सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा। इस आयोजन को सफल बनाने के लिए विभिन्न विभागों के अधिकारी आपसी तालमेल से कार्य करें और अपने विभाग से संबंधित तैयारियां करना शुरू करें। डीसी अपराजिता लघु सचिवालय स्थित सभागार में गणतंत्र दिवस समारोह के भव्य आयोजन को लेकर अधिकारियों की बैठक में आवश्यक दिशा-निर्देश दे रही थी। डीसी ने ध्वजारोहण, परेड, सांस्कृतिक कार्यक्रम, सुरक्षा व्यवस्था, यातायात प्रबंधन, स्वच्छता, बिजली, पेयजल एवं चिकित्सा सुविधाओं पर गहनता से समीक्षा की और अधिकारियों को डयूटियां सौंपी। डीसी ने कहा कि समारोह में जो भी झांकियां शामिल हों, वे विशेष थीम पर आधारित होनी चाहिए। गणतंत्र दिवस समारोह में प्लाटून द्वारा भव्य मार्च पास्ट किया जाएगा। परेड में शामिल टुकड़ियों द्वारा 18 से 23 जनवरी को पुलिस लाइन मैदान में पूर्वाभ्यास किया जाएगा तथा 24 जनवरी को फुल ड्रैस फाइन रिहर्सल निर्धारित समयानुसार किया जाएगा। उन्होंने पुलिस विभाग को निर्देश जारी किए कि सभी प्लाटून की परेड से संबंधित तैयारियां अपने मार्गदर्शन में तैयार करवाएं। उन्होंने कहा कि गणतंत्र दिवस समारोह के निर्धारित समयानुसार सुबह 10 बजे मुख्यातिथि द्वारा राष्ट्रीय ध्वजारोहण करके कार्यक्रम का शुभारंभ किया जाएगा। इससे पहले मुख्यातिथि द्वारा शहर में स्थित शहीद स्मारक पर पुष्प अर्पित किए जाएंगे। मुख्यातिथि द्वारा राष्ट्रीय ध्वजारोहण के बाद परेड का निरीक्षण किया जाएगा तथा जिला वासियों को संबोधित करेंगे व भव्य मार्च पास्ट की सलामी लेंगे। इस दौरान पीटी शो, सांस्कृतिक कार्यक्रम एवं झांकियों का प्रदर्शन भी किया जाएगा। राष्ट्रीय गान के साथ गणतंत्र दिवस समारोह का समापन होगा। उन्होंने कहा कि गणतंत्र दिवस समारोह में पुलिस विभाग, डीआरडीए, औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान, स्वास्थ्य विभाग, वन विभाग, जन स्वास्थ्य विभाग, विकास एवं पंचायत विभाग, सहकारी चीनी मिल, कृषि विभाग, परिवहन विभाग, आईसीडीएस, रोजगार विभाग, जिला सूचना एवं विज्ञान केंद्र, आयुष विभाग, खेल विभाग, बिजली विभाग, शिक्षा विभाग, रैडक्रास सोसायटी सहित अन्य विभागों द्वारा झांकियां निकाली जाएंगी। उन्होंने सभी संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे इन झांकियों को भव्य रूप देते हुए विभाग की योजनाएं व उपलब्धियों को प्रदर्शित करें, ताकि लोगों को योजनाओं की जानकारी मिल सके। डीसी अपराजिता ने कहा कि गणतंत्र दिवस समारोह के ओवरऑल इंचार्ज एडीसी रहेंगे। परेड निरीक्षण के लिए खुली जीप तथा राष्ट्रीय झंडे की व्यवस्था पुलिस विभाग द्वारा की जाएगी। कार्यक्रम स्थल पर रंगोली का कार्य जिला शिक्षा अधिकारी तथा महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा की जाएगी। उन्होंने कहा कि नगर परिषद द्वारा सड़कों व चौराहों पर झंडे लगाए जाएंगे। विभिन्न विभागों द्वारा अलग-अलग जगहों पर स्वागत गेट बनाए जाएंगे। वन विभाग द्वारा मैदान में खड़ी घास व झाडि़यों की सफाई करवाई जाएगी। सिविल सर्जन द्वारा एक एंबुलैंस व दवाइयों सहित डाक्टरों की टीम की व्यवस्था समारोह एवं रिहर्सल के दिनों में की जाएगी। बिजली विभाग द्वारा समारोह स्थल पर स्थाई / अस्थाई जनरेटर की व्यवस्था सहित निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित की जाएगी। अग्निशमन विभाग समारोह स्थल पर पेड़ों पर पानी का छिड़काव करें। डीसी अपराजिता ने कहा कि समारोह में सांस्कृतिक प्रस्तुतियां भी दी जाएंगी। जिनका चयन जिला परिषद के सीईओ की अध्यक्षता बनाई गई चार सदस्यों की कमेटी करेगी। इस अवसर पर उत्कृष्ट कार्य करने वाले अधिकारियों व कर्मचारियों को सम्मानित भी किया जाएगा। सभी विभागाध्यक्ष 20 जनवरी से पहले अपने विभाग से संबंधित नामों को अनुमोदन भिजवाना सुनिश्चित करें। एडीसी की अध्यक्षता में बनाई गई तीन सदस्यीय कमेटी नामों को फाइनल करेगी। इस अवसर पर एसपी उपासना, एडीसी सुशील कुमार, डीएमसी कपिल शर्मा, जिला परिषद के सीईओ सुरेश राविश, एमडी शुगर मिल कृष्ण कुमार, आरटीए गिरिश कुमार, एसडीएम कलायत अजय हुड्डा, सीटीएम गुरविंद्र सिंह, डीआईओ दीपक खुराना, डीआरओ चंद्रमोहन, डीडीपीओ रितू लाठर, डीआईपीआरओ नसीब सैनी सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।




