loader image
Latest:
Sunday, March 22, 2026

दसवीं-12वीं में 80 प्रतिशत अंक लाने वालों की माताओं को मिलेंगे ₹2100

चंडीगढ़। नए साल के पहले दिन मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने मंत्रिमंडल की बैठक में लाडो लक्ष्मी योजना के विस्तार को मंजूरी दी। अब दसवीं व 12वीं कक्षा में 80 प्रतिशत या उससे ज्यादा नंबर लाने वाले सरकारी स्कूलों के विद्यार्थियों की माताओं को भी हर माह 2100 रुपये मिलेंगे। उस परिवार की वार्षिक आय एक लाख 80 हजार तक होनी चाहिए। राज्य में ऐसी महिलाओं की संख्या करीब एक लाख दो हजार है।
जो बच्चे निपुण मिशन के तहत ग्रेड लेवल प्रोफिशिएंसी प्राप्त करते हैं, उनकी माताओं को भी इस योजना का लाभ मिलेगा। कुपोषित व एनीमिक बच्चे स्वस्थ होकर ग्रीन जोन में आते हैं तो उनकी माताएं भी लाडो लक्ष्मी योजना में पात्र होंगी। मगर उन्हें यह लाभ तीन साल तक दिया जाएगा। यदि किसी परिवार में तीन से ज्यादा बच्चे हैं तो उसे यह लाभ नहीं मिलेगा।
पात्र महिलाओं के खाते में अभी 1100 डाले जाएंगे और बाकी एक हजार रुपये फिक्स्ड डिपॉजिट (एफडी) में जाएंगे। इसका पैसा महिलाओं को ब्याज समेत मिलेगा। हर महीने जब यह रकम फिक्स्ड डिपॉजिट में जाएगी तो उसका एक मैसेज लाभार्थी महिला को भी जाएगा। यदि किसी पात्र महिला की असामयिक मृत्यु होती है तो यह रकम उसके नॉमिनी को दी जाएगी।
योजना के लाभार्थियों की सूची ग्राम सभाओं को दी जाएगी ताकि जिन पात्र महिलाओं का नाम नहीं है उनका नामम दर्ज करवाया जा सके और यदि किसी ने आपत्ति दर्ज करवाई तो उसका नाम काट दिया जाएगा। दीन दयाल लाडो लक्ष्मी योजना के तहत अब तक 10 लाख 255 महिलाओं ने आवेदन किया है। इसमें से 8 लाख महिलाओं को सहायता राशि प्रदान की जा रही हैं। सरकार ने दो किस्तों में लगभग 250 करोड़ रुपये की सहायता दी है।

Sahil Kasoon

The Air News (Writer/Editer)

Sahil Kasoon

The Air News (Writer/Editer)

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!