loader image
Saturday, November 8, 2025

फतेहाबाद बिजली निगम का JE रिश्वत लेता गिरफ्तार:BJP नेता से बिल पास करने के एवज में मांगे रुपए; 34 हजार लेते पकड़ा

बिजली निगम में जेई का कार्यालय, जहां उसे पकड़ा गया है।

फतेहाबाद में दक्षिण हरियाणा बिजली वितरण निगम का JE धर्मवीर सिंह रिश्वत लेने के आरोप में पकड़ा गया है। जेई पर बीजेपी नेता एवं बिजली निगम के ठेकेदार भवानी सिंह से बिल पास करने की एवज में रिश्वत मांगने का आरोप है।

बीजेपी नेता ने इसकी शिकायत एंटी करप्शन ब्यूरो (ACB) हिसार को दे दी। इसके बाद एसीबी की टीम इंस्पेक्टर महेंद्र सिंह के नेतृत्व में फतेहाबाद पहुंची। टीम ने बिजली निगम कार्यालय में छापेमारी कर जेई को 34 हजार रुपए रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ पकड़ लिया।

जानकारी के अनुसार, बीजेपी किसान मोर्चा का पूर्व प्रदेश सचिव भवानी सिंह बिजली निगम में ठेकेदारी का काम करता है। उसने गांव धिड़ से टाहलीवाली ढाणी तक बिजली लाइन खींची थी। उसका 9 लाख रुपए का बिल पास करवाने के लिए उनकी टीम डेढ़-दो महीने से बार-बार चक्कर काट रही थी। मगर कोई न कोई आपत्ति लगाकर बिल पास नहीं किया जा रहा था।

भवानी सिंह ने बिजली निगम में कार्यरत जेई धर्मवीर सिंह पर आरोप लगाया कि धर्मवीर सिंह ने बिजली लाइन खींचने के कार्य का बिल पास करने के लिए उससे रिश्वत मांगी। जेई ने कहा कि पिछले काम के भी पैसे बाकी हैं। एक बार 34 हजार रुपए दे दो, बाकी बाद में देख लेंगे।

शिकायतकर्ता भवानी सिंह।
शिकायतकर्ता भवानी सिंह।

जेई ने 34 हजार रुपए की रिश्वत मांग ली। इस पर भवानी सिंह ने एसीबी हिसार को शिकायत दी। तय समय पर भवानी सिंह जैसे ही बिजली निगम कार्यालय पहुंचकर रिश्वत की रकम धर्मवीर सिंह को सौंपने लगा। उसी समय एसीबी की टीम ने मौके पर दबिश देकर उसे रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया।

जेई धर्मवीर सिंह दिव्यांग हैं। वह भट्‌टू क्षेत्र के गांव रामसरा का निवासी है। उसकी ड्यूटी सिटी सब डिवीजन के अंतर्गत थी। कुछ ग्रामीण एरिया का हिस्सा उसके अधीन आता है। भवानी सिंह ने बताया कि बिल रोकने के मामले में जेई के उच्चाधिकारियों को भी कहा गया। उन्होंने भी इसको बिल पास करने के निर्देश दिए। मगर उनकी भी सुनवाई नहीं की।

एसीबी टीम इंचार्ज इंस्पेक्टर महेंद्र सिंह ने बताया कि भवानी सिंह की शिकायत के आधार पर जेई धर्मवीर सिंह को पकड़ा गया है। इस पर भ्रष्टाचार निरोधक अधिनियम के तहत केस दर्ज होगा।

Sahil Kasoon

The Air News (Writer/Editer)

Sahil Kasoon

The Air News (Writer/Editer)

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!