यमुनानगर में पश्चिमी यमुना नहर से अज्ञात युवती का शव बरामद, बाजू पर ‘राजेश’ और ‘दिव्या’ नाम गुदा मिला

यमुनानगर शहर के पुराना सहारनपुर रोड स्थित फतेहपुर पुल के नीचे पश्चिमी यमुना नहर में एक अज्ञात युवती का शव मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। सूचना मिलते ही सीआईए और थाना बुडिया पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से शव को नहर से बाहर निकलवाया। फिलहाल पुलिस युवती की पहचान करने का प्रयास कर रही है।
पुलिस के अनुसार नहर के पानी में युवती का शव दिखाई देने पर इसकी सूचना कंट्रोल रूम को दी गई थी। सूचना मिलते ही एसआई सतीश कुमार अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे। आसपास मौजूद लोगों की सहायता से शव को नहर से बाहर निकाला गया और आगे की कार्रवाई शुरू की गई।

जांच के दौरान पता चला कि युवती ने जींस और टॉप पहन रखा था तथा उसके हाथ में एक मंगलसूत्र लिपटा हुआ मिला। पुलिस ने जब शव की तलाशी ली तो उसके पास से ऐसा कोई दस्तावेज बरामद नहीं हुआ जिससे उसकी पहचान हो सके। हालांकि युवती की एक बाजू पर “राजेश” और दूसरी बाजू पर “दिव्या” नाम गुदा हुआ पाया गया है।
प्रारंभिक जांच में युवती की उम्र करीब 25 से 30 वर्ष के बीच आंकी जा रही है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर सिविल अस्पताल यमुनानगर के शवगृह में 72 घंटे के लिए रखवा दिया है, ताकि उसकी पहचान हो सके। साथ ही शव की फोटो आसपास के थानों में भी भेजी गई है और हाल ही में लापता हुई युवतियों के रिकॉर्ड भी खंगाले जा रहे हैं।

पुलिस का कहना है कि युवती की मौत के कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा। फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि मामला हत्या का है या आत्महत्या का। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की जांच कर रही है और आसपास के क्षेत्रों में लोगों से पूछताछ भी की जा रही है।




