व्यापारी को ₹50 लाख फिरौती की पर्ची थमाई:जींद में दुकान पर फायरिंग की; लिखा- क्या हाल है लाला, अगली गोली छाती पर लगेगी
हरियाणा के जींद में एक कपड़ा व्यापारी पर फायरिंग कर 50 लाख रुपए की फिरौती मांगी गई। नरवाना के अपोलो चौक पर स्थित SG फैशन पर रविवार दोपहर करीब 12 बजे एक बदमाश आया और दुकान मालिक नरेश जैन के हाथ में एक पर्ची थमाई। इसके बाद शीशे पर गोली चला दी। वारदात को अंजाम देन के बाद बदमाश मौके से फरार हो गया। वारदात दुकान के भीतर और बाहर लगे CCTV कैमरों में कैद हो गई।
व्यापारी को थमाई गई पर्ची पर लिखा था, ‘क्या हाल है लाला? अगर अपनी जिंदगी चाहता है, तो 50 लाख रुपए दे। तेरे पास 3 दिन का समय है। अभी तो सिर्फ गोली चलाई है, अगर पैसे नहीं दिए, तो अगली गोली छाती पर लगेगी।’
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। साथ ही क्षेत्र के स्थानीय दुकानदार भी इकट्ठा हो गए। फायरिंग की सूचना पर स्थानीय विधायक एवं कैबिनेट मंत्री कृष्ण कुमार बेदी भी मौके पर पहुंचे और दुकान मालिक नरेश जैन से मुलाकात कर पूरे घटनाक्रम की जानकारी ली।
वारदात के बाद के PHOTOS…



दुकानदार बोले- 2 साल पहले भी मांगी गई थी फिरौती दुकान मालिक नरेश जैन ने बताया कि करीब 2 साल पहले भी उनसे फिरौती मांगी गई थी, जिसकी शिकायत पुलिस को दी गई थी। अब दोबारा इस तरह की घटना हुई है। जिससे व्यापारी वर्ग में भारी रोष है। घटना के बाद रेलवे रोड और आसपास के बाजारों में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है।
कैबिनेट मंत्री कृष्ण कुमार बेदी ने पुलिस अधिकारियों को व्यापारी को उचित सुरक्षा मुहैया करवाने के निर्देश दिए। साथ ही कहा कि दुकानदार डर के माहौल में न रहें और निर्भीक होकर अपना व्यापार करें।

SHO बोले- ये टुच्चे बदमाश हैं, जींद में रहने नहीं देंगे घटना के बाद मौके पर पहुंचे सिटी SHO आत्माराम ने कहा कि ये टुच्चे बदमाश हैं। जोकि मौका लगने पर शरारत कर देते हैं। ऐसे बदमाशों को जींद में रहने नहीं देंगे। जल्द ही इन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा। व्यापारियों को घबराने की जरूरत नहीं है।
मंत्री बोले- जल्दी आरोपी गिरफ्तार होंगे कैबिनेट मंत्री कृष्ण बेदी ने कहा कि अपराधियों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा और जल्द ही उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा। पुलिस मामले की आगामी कार्रवाई में जुट गई है।




