सोनीपत में नाबालिग लड़की से कई बार रेप, वीडियो बनाई:बड़ी बहन को अश्लील फोटो भेजने पर खुलासा
सोनीपत पुलिस ने एक नाबालिग लड़की के साथ दुष्कर्म करने और उसकी इंस्टाग्राम आईडी हैक करके अश्लील फोटो भेजने के मामले में फरार आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी की पहचान अंकुर निवासी सुखईपुर, हरदोई, उत्तर प्रदेश के रूप में हुई है। पुलिस ने उसको कोर्ट में पेश कर रिमांड पर लिया है।
पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि लड़की की मां ने 30 अप्रैल को कुंडली थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में उन्होंने बताया कि 27 अप्रैल की रात उनकी बड़ी बेटी ने उन्हें बताया कि किसी ने उनकी नाबालिग छोटी बहन की इंस्टाग्राम आईडी से उन्हें अश्लील फोटो भेजी हैं।
जब उन्होंने अपनी नाबालिग बेटी से इसके बारे में पूछा, तो उसने बताया कि अंकुर नाम का एक लड़का उसे कई बार अपने घर के सामने वाले खाली मकान में बुलाता था। वहां उसने उसके साथ कई बार गलत काम (रेप) किया और उसकी वीडियो और फोटो भी बनाई। लड़की ने बताया कि अंकुर ने ही उसकी इंस्टाग्राम आईडी हैक की है और वही उसकी आईडी पर पोस्ट डालता है। लड़की ने आरोप लगाया कि अंकुर ने उसके साथ दुष्कर्म किया है।
महिला की शिकायत पर कार्रवाई करते हुए पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता, पॉक्सो अधिनियम और सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम की धाराओं के तहत कुंडली थाने में मामला दर्ज किया था। इसके बाद मामले में जांच शुरू की।
कुंडली थाने की अनुसंधान टीम के सब इंस्पेक्टर राहुल ने बताया कि कोर्ट के आदेशानुसार नाबालिग लड़की के मजिस्ट्रेट के सामने बयान दर्ज कराए गए। साथ ही महिला विशेषज्ञ व लीगल ऐड से उसकी काउंसलिंग करवाई गई। उन्होंने बताया कि आरोपी अंकुर को गिरफ्तार कर लिया गया है।
पुलिस ने अंकुर को कोर्ट में पेश करके दो दिन की पुलिस रिमांड पर लिया है। पुलिस रिमांड के दौरान आरोपी से घटना के बारे में विस्तृत पूछताछ की जाएगी और अन्य सबूत जुटाए जाएंगे। साथ ही मोबाइल फोन बरामद किया जाएगा, जिससे उसने नाबालिग लड़की की अश्लील फोटो वीडियो बनाई थी।




