loader image
Latest:
Tuesday, February 10, 2026

इटली में हरियाणा के युवक की मौत

 हरियाणा के यमुनानगर से एक ऐसी खबर आई है जो किसी के भी रोंगटे खड़े कर दे। एक बेटा जो अपने बीमार पिता की याददाश्त और सेहत वापस लाने के लिए सात समंदर पार इटली गया था, आज खुद मौत की आगोश में सो गया है। यमुनानगर के रामखेड़ी गांव के गगनप्रीत की इटली में संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। पीछे छूट गया है एक लाचार बिस्तर पर पड़ा पिता, एक बिलखती मां और वो सिस्टम, जिसकी लापरवाही ने एक होनहार युवक की जान ले ली।

PunjabKesari
3 अप्रैल 2023… यह वो तारीख थी जब यमुनानगर के रामखेड़ी गांव का गगनप्रीत अपनी आंखों में सुनहरे सपने लेकर इटली के लिए रवाना हुआ था। घर की माली हालत बेहद खराब थी और पिता पिछले 18 सालों से बिस्तर पर थे। गगनप्रीत का मकसद सिर्फ पैसा कमाना नहीं, बल्कि अपने पिता का इलाज करवाना था। लेकिन इटली की धरती उस मासूम के लिए बेरहम साबित हुई।
PunjabKesari
परिजनों का आरोप है कि जिस एजेंट ने उसे विदेश भेजा, उसने उसे यातनाएं दीं और काम के बदले पैसे तक नहीं दिए। खुद को बचाने के लिए गगनप्रीत इटली में शहर दर शहर भटकता रहा। न सिर पर छत थी, न जेब में पैसे। हालात इतने बदतर हुए कि उसे रिफ्यूजी कैंपों में रातें गुजारनी पड़ीं। अपनों से दूर, तंगहाली और एजेंट की प्रताड़ना ने गगनप्रीत को डिप्रेशन के उस अंधेरे कुएं में धकेल दिया, जहां से वह 4 फरवरी को मौत की खबर बनकर बाहर निकला।
PunjabKesari
घर का इकलौता सहारा जा चुका है। दो भाई-बहनों में सबसे बड़ा गगनप्रीत पूरे परिवार की उम्मीद था। आज उस घर में सिर्फ चीखें हैं। पिता, जिन्हें खुद होश नहीं, वो बार-बार बस यही कह रहे हैं— “मेरा गगनप्रीत मर गया, मेरे इलाज के लिए गया था।” मां का रो-रोकर बुरा हाल है, क्योंकि उनके पास इतने पैसे भी नहीं हैं कि बेटे के शव को भारत मंगवा सकें।

पीड़ित परिवार ने मुख्यमंत्री नायब सैनी से मदद की गुहार लगाई है। सरकार ने भरोसा तो दिया है, लेकिन सवाल वही है कि क्या ये मदद गगनप्रीत के आखिरी दीदार करवा पाएगी? गगनप्रीत की यह दास्तान उन हजारों युवाओं के लिए एक चेतावनी है जो मजबूरी में विदेश की ओर रुख करते हैं और कभी-कभी उनका लौटकर आना सिर्फ एक ताबूत बनकर रह जाता है।

Sahil Kasoon

The Air News (Writer/Editer)

Sahil Kasoon

The Air News (Writer/Editer)

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!