हरियाणा में 450 नए डॉक्टरों की भर्ती शुरू:238 पद जनरल केटेगरी से भरे जाएंगे; स्वास्थ्य मंत्री बोलीं- गांवों में मिलेंगी बेहतर सेवाएं

मंत्री ने कहा कि नए डॉक्टरों के आने से प्रदेश के लोगों को, खासकर गांवों और दूर-दराज के इलाकों में रहने वाले मरीजों को, बेहतर और आसान स्वास्थ्य सेवाएं मिल सकेंगी। सरकार का यह कदम स्वास्थ्य सुविधाओं को मजबूत बनाने की दिशा में एक बड़ा प्रयास है, ताकि कोई भी नागरिक इलाज की कमी के कारण परेशान न हो।
जनरल केटेगरी के 238 पद रहेंगे
निदेशालय स्वास्थ्य सेवा विभाग के अधिकारियों ने बताया कि कुल 450 रिक्त पदों को विभिन्न श्रेणियों में भरा जाएगा, जिनमें 238 पद जनरल केटेगरी, 45 पद अनुसूचित जाति (GSC), 45 पद डिप्राइव्ड अनुसूचित जाति (DSC), 50 पद पिछड़ा वर्ग-A (BC-A), 27 पद पिछड़ा वर्ग-B (BC-B) और 45 पद आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग (EWS) के लिए निर्धारित हैं। इसके अतिरिक्त 22 पद HSM/DESM/DFF तथा 18 पद दिव्यांगजन (PwBD) के लिए आरक्षित हैं।
8 दिसंबर से शुरू होंगे आवेदन
अधिकारियों ने आगे बताया कि हरियाणा सरकार के दिशा-निर्देशों के अनुसार आरक्षण का लाभ केवल हरियाणा राज्य के बोनाफाइड निवासियों को ही मिलेगा। इच्छुक उम्मीदवार 8 दिसंबर से से ऑनलाइन आवेदन कर सकेंगे। वहीं 7 जनवरी लास्ट डेट है।
आवेदन प्रक्रिया, पात्रता मानदंड तथा विस्तृत विवरण स्वास्थ्य विभाग हरियाणा की आधिकारिक वेबसाइटों haryanahealth.gov.in तथा uhsr.ac.in पर उपलब्ध हैं। उम्मीदवारों को आवेदन करने से पहले दिशा-निर्देशों को ध्यानपूर्वक पढ़ने की सलाह दी गई है।




