हाईस्पीड SUV ट्राले में घुसी, 2 दोस्तों की मौत:भिवानी से शादी से लौट रहे थे, गाड़ी के परखच्चे उड़े; 3 की हालत सीरियस
हरियाणा के हांसी में एक हाई स्पीड SUV ट्राले में घुस गई। 2 दोस्तों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 3 अन्य को गंभीर चोट आई है। हादसा इतना भीषण था कि बोनिट और इंजन के पार्ट्स उखड़कर कई फीट पीछे खिसक गए।
ड्राइविंग सीट पर बैठे युवक को खिड़की तोड़कर बाहर निकाला गया। ट्रैक्टर चालक का कहना है कि टक्कर लगते ही उन्हें भी तेज झटका लगा। ट्रैक्टर-ट्राला कई फीट खिसकता चला गया। आसपास के लोगों को बुलाकर उन्होंने घायलों को बाहर निकाला।
पांचों युवक शुक्रवार तड़के भिवानी से बारात कर वापस फतेहाबाद लौट रहे थे। हांसी के सैनीपुरा गांव के पास ये हादसा हुआ। घायलों को तुरंत हांसी के सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां से डॉक्टरों ने उन्हें हिसार के लिए रेफर कर दिया है।

फतेहाबाद के मोची गांव के रहने वाले महावीर (42) और चौबरा गांव निवासी मनोज (38) अपने साथियों के साथ भिवानी जिले के गांव बड़सी में एक शादी समारोह गए थे। कार्यक्रम सम्पन्न होने के बाद पांचों अपनी टाटा सियारा कार में सवार होकर वापस फतेहाबाद के लिए निकल गए।
हांसी के सैनीपुरा गांव के पास पहुंचते ही उनकी गाड़ी आगे चल रहे एक ट्राले से टकरा गई। महावीर और मनोज की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि अन्य तीन दोस्तों, विनोद, विक्रम और कृष्ण की हालत सीरियस बनी हुई है। तीनों का हांसी के अस्पताल में इलाज चल रहा है।
ट्राला ड्राइवर बालकरण का कहना है कि वह यूपी से ट्राला लेकर सिरसा की ओर जा रहा था। हांसी के पास अचानक ट्रैक्टर में तेज झटका लगा। गाड़ी ने पीछे से टक्कर मारी थी। इसके बाद लोगों की मदद से उन्हें बाहर निकाला।
हादसे की सूचना मिलते ही शिशु पुल चौकी पुलिस और शहर थाना प्रभारी सुखजीत सिंह टीम सहित मौके पर पहुंच गए। घायलों को तुरंत हांसी के सामान्य अस्पताल ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें हिसार रेफर कर दिया गया। थाना प्रभारी सुखजीत सिंह ने बताया कि मृतकों के शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए मोर्चरी में रखवा दिया है। हादसे के कारणों की जांच की जा रही है।




