हिसार में पत्नी की हत्या कर पति ने सुसाइड किया:फंदे पर लटका मिला युवक, फर्श पर पड़ी थी महिला की लाश; 2 बेटियां अनाथ
हरियाणा के हांसी में सोमवार सुबह एक दिल दहला देने वाली वारदात हुई। यहां एक युवक ने अपनी पत्नी की तेजधार हथियार से वार कर हत्या कर दी। इसके बाद पशुओं के बाड़े में जाकर खुद ने भी फंदे पर लटक कर आत्महत्या कर ली।
आज सुबह जब इनके घर में कोई हलचल नहीं हुई, तो पड़ोसियों को शक हुआ। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस को महिला का शव जमीन पर, जबकि युवक का शव फंदे पर लटका मिला। उन्होंने फोरेंसिक एक्सपर्ट की टीम को भी बुलाया, जिसने घटनास्थल से सबूत जमा किए। पुलिस ने शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है।
मृत युवक की पहचान हांसी के भाटला गांव के रहने वाले राकेश के रूप में हुई है। वह कोल्ड ड्रिंक्स की फैक्ट्री में काम करता था। इसकी पत्नी का नाम सीमा था। दोनों की साल 2019 में शादी हुई थी। इनकी 2 बेटियां हैं, जो अब अनाथ हो गई हैं।
वारदात के बाद के PHOTOS…





घटना के बारे में DSP सिद्धार्थ का कहना है कि सुबह करीब साढ़े 7 बजे भाटला निवासी राकेश ने पशु बाड़े में जाकर आत्महत्या की है। उससे पहले उसने अपनी पत्नी की हत्या की। हमने एफएसएल टीम बुलाई।
DSP ने कहा- पति और पत्नी का किसी बात को लेकर आपस में झगड़ा रहता था। इसके बाद पति ने ऐसा कदम उठाया है। पति-पत्नी की उम्र 28 से 30 साल के बीच में थी और करीब 7 साल पहले इनकी शादी हुई थी। इनके 2 बच्चे भी हैं। एक बच्ची 4 साल की और दूसरी 2 साल की है।
पुलिस अधिकारी ने बताया- पत्नी सीमा बरवाला के मतलौडा गांव की रहने वाली थी। उसके परिवार को सूचित कर दिया है और वे भी पहुंच गए हैं। उनके बयान दर्ज किए जाएंगे।
आसपास के लोगों ने बताया है कि आज सुबह उन्होंने राकेश के घर से चीख-चिल्लाने की आवाजें सुनीं। थोड़ी देर तक ये आवाजें आती रहीं। इसके कुछ देर बाद आवाजें आना बंद हो गईं। इससे शक हुआ तो लोग उनके घर में देखने पहुंचे। मौके पर जाकर देखा तो सीमा का शव खून में लथपथ जमीन पर पड़ा था।
लोगों ने बताया कि उन्होंने घर में राकेश को खोजा, लेकिन वह मिला नहीं। इसके बाद पशुओं के बाड़े में जाकर देखा तो वहां रस्सी के फंदे पर राकेश का शव लटका हुआ था। इसकी जानकारी फौरन पुलिस को दी गई। वहीं, राकेश के परिजन को भी वारदात के बारे में बताया गया।

वारदात के बाद से गांव में शोक और सन्नाटे का माहौल है। ग्रामीण विशेष रूप से मासूम बच्चियों के भविष्य को लेकर चिंतित हैं। मामले में जांच करते हुए पुलिस दोनों मृतकों के परिजन से बातचीत कर उनके बयान दर्ज कर रही है। पोस्टमॉर्टम के बाद दोनों का अंतिम संस्कार किया जाएगा।




