गुरुग्राम में पुलिसकर्मियों ने MLA के काफिले को मारी टक्कर,VIDEO:पायलट गाड़ी क्षतिग्रस्त; नशे में बिना नंबर की दौड़ाई कार, ASI सहित 4 सस्पेंड
हरियाणा के गुरुग्राम में ड्रिंक एंड ड्राइव पर अंकुश लगाने के लिए लगाए गए नाके के पास ही पुलिस के एक एएसआई ने विधायक मुकेश शर्मा के काफिले की पायलट स्कॉर्पियो गाड़ी को टक्कर मार दी। स्कॉर्पियो से पिछली गाड़ी में विधायक मुकेश शर्मा खुद मौजूद थे। इस हादसे में स्कॉर्पियो गाड़ी का चालक घायल हो गया।
आरोप है कि एएसआई नशे में था और तेज रफ्तार में अपनी वेन्यू कार को दौड़ा रहा था। उसके साथ तीन अन्य पुलिस कर्मी भी मौजूद थे। पायलट गाड़ी में चार सिक्योरिटी अफसर सवार थे। वेन्यू कार की टक्कर से स्कॉर्पियो चालक घायल हो गया। गाड़ी को भी काफी नुकसान पहुंचा। इसका वीडियो भी सामने आया है।
यह भी आरोप है कि पायलट गाड़ी के पुलिसकर्मियों ने जब इसका विरोध किया तो एएसआई और उसके साथी पुलिस कर्मियों ने उसके साथ नोकझोंक की। बात हाथापाई तक भी पहुंच गई। इसके बाद विधायक अपनी गाड़ी से बाहर निकले और पुलिस अधिकारियों को मामले की जानकारी दी। इसकी सूचना पर पहुंचे नाका इंचार्ज ने किसी तरह मामले को शांत किया।
इस मामले में नाका प्रभारी ने आरोपी एएसआई सहित अन्य पुलिस कर्मियों के खिलाफ नए साल 2026 के पहले ही दिन वाहन चलाने, लापरवाही से ड्राइविंग करने और दुर्घटना करने की FIR दर्ज कराई है। इसके साथ ही एएसआई सहित चारों पुलिस कर्मियों को सस्पेंड भी कर दिया गया है। उसकी गाड़ी को कब्जे में ले लिया गया है।
खास बात ये है कि आरोपी एएसआई की कार पर अगली नंबर प्लेट नहीं मिली और पिछली नंबर प्लेट के अक्षर मिसिंग है। यह स्थिति तब है जब शहर में नंबर प्लेट टेम्परिंग पर लगातार सख्ती बरती जा रही है। जहां एक्सीडेंट हुआ, वह शहर का एक बड़ा व्यस्त जंक्शन है, जिससे एक बड़ा हादसा भी हो सकता था।
विधायक के काफिले के साथ हुए हादसे के 3 PHOTOS…



अपनी शिकायत में नाका प्रभारी रमेश ने बताया कि उच्च अधिकारियों के निर्देश पर नव वर्ष की सुरक्षा व्यवस्था के तहत INOX मॉल के पास नाका ड्यूटी लगाई गई थी। वह स्वयं नाके पर इंचार्ज के तौर पर तैनात थे। उनके साथ हेड कॉन्स्टेबल संजय, पूनम, कॉन्स्टेबल सोमबीर, सुधीर, एसपीओ अजयपाल और होमगार्ड रघुबीर भी तैनात थे। नाके पर न्यू कॉलोनी रेड लाइट की ओर से आने वाले वाहनों की सघन चेकिंग की जा रही थी।
इसी बीच ASI बलजीत सिंह अपनी निजी सफेद रंग की वेन्यू कार लेकर नाके पर पहुंचे। उन्होंने एसपीओ अजयपाल को अपने साथ बुला लिया। करीब आधे घंटे बाद दोनों INOX मॉल से बाहर निकले। बलजीत ने नाके पर ड्यूटी कर रहे हेड कॉन्स्टेबल संजय कुमार और हंसराज को अपनी गाड़ी में बैठाया और कहा कि वे खाना खाकर आ रहे हैं।
नाका प्रभारी रमेश के मुताबिक, इसके बाद ASI ने तेज रफ्तार से गाड़ी चलाई और सेक्टर 4/7 चौक से अचानक यू-टर्न लेकर न्यू कॉलोनी मोड़ की ओर मुड़ गए। इसी दौरान रेलवे स्टेशन की तरफ से आ रहे विधायक मुकेश शर्मा के काफिले शामिल पायलट स्कॉर्पियो गाड़ी से उनकी गाड़ी की जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर के बाद पायलट गाड़ी मौके पर रुक गई।
नाका प्रभारी रमेश ने आगे बताया कि टक्कर लगने पर दोनों पक्षों में बहस होने लगी। बहस सुनकर चे मौके पर पहुंचे। उन्होंने देखा कि बलजीत की वेन्यू कार की आगे की नंबर प्लेट गायब थी और वह शराब के नशे में धुत लग रहे थे और उनकी आंखें लाल थीं। समझाने पर भी वह मान नहीं रहा था। उल्टे अभद्रता करते जा रहा था। विधायक ने इसकी सूचना आला अधिकारियों को दी। विधायक आधे घंटे तक ही मौके पर खड़े रहे।
इस हादसे में पायलट गाड़ी में काफी नुकसान हुआ। नाका इंचार्ज रमेश ने एक जनवरी को आरोपी ASI के खिलाफ नशे में वाहन चलाने, लापरवाही से ड्राइविंग करने और दुर्घटना करने की FIR दर्ज कराई है। नए साल के पहले दिन ही किसी पुलिस कर्मी के खिलाफ यह रिपोर्ट दर्ज हुई।

ड्रंक एंड ड्राइविंग के खिलाफ जीरो टॉलरेंस गुरुग्राम पुलिस की पीआरओ टीम ने चारों पुलिस कर्मियों के सस्पेंशन की पुष्टि की। टीम के मुताबिक यह घटना इसलिए भी गंभीर है क्योंकि नववर्ष पर ड्रिंक एंड ड्राइव के खिलाफ जीरो टॉलरेंस नीति अपनाई थी और शहर भर में सघन चेकिंग अभियान चल रहा था। अपने ही पुलिसकर्मी का नशे में गाड़ी चला कर VIP पायलट में टक्कर मारने पर तुरंत कार्रवाई की गई है।
कहना है कि नियमों का पालन सभी को करना होगा। किसी को बख्शा नहीं जाएगा। यह सबक है कि नशे में वाहन चलाना कितना खतरनाक होता है, चाहे आम नागरिक हो या पुलिसकर्मी कार्रवाई की जाएगी।




