loader image
Saturday, September 26, 2026

सिरसा में दिल दहला देने वाली वारदात: पति ने गर्दन काटकर की पत्नी की हत्या, खुद पुलिस को दी सूचना

 

नाथुसरी चौपटा (Sahil Kasoon), 7 जून — हरियाणा के सिरसा जिले के गांव रामपुरा ढिल्लो में शनिवार अलसुबह एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। एक व्यक्ति ने अपनी पत्नी की कस्सी से गर्दन काटकर हत्या कर दी और खुद पुलिस को कॉल कर वारदात की जानकारी दी।

पुलिस मौके पर पहुंची तो आंगन में चारपाई पर महिला की लाश पड़ी थी। गर्दन धड़ से अलग थी और पास ही आरोपी पति भी बैठा मिला। पुलिस ने हत्या में इस्तेमाल की गई कस्सी को भी मौके से बरामद किया है।


आरोपी ने पुलिस को खुद दी जानकारी

पुलिस के अनुसार, शनिवार तड़के करीब 4 बजे आरोपी रोहताश ने पत्नी माया देवी (35) की हत्या कर 100 नंबर पर कॉल कर कहा, “मैंने अपनी बीवी को मार डाला है, लाश आंगन में पड़ी है, आकर देख लो।”

इसके बाद आरोपी ने गांव के सरपंच रविल सिंवर को भी कॉल कर हत्या की जानकारी दी। सरपंच और पुलिस जब घर पर पहुंचे तो महिला की लाश खून से लथपथ चारपाई पर मिली और पास में ही आरोपी पति बैठा हुआ था।


 एक ही वार में काट दी गर्दन

पुलिस पूछताछ में आरोपी ने बताया कि उसने आंखें बंद कर कस्सी से वार किया, जिससे माया देवी की गर्दन एक ही वार में धड़ से अलग हो गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है।

फोरेंसिक टीम ने मौके से साक्ष्य जुटाए और घर को सील कर दिया गया है।


घर में दो बच्चे, कोई आपसी विवाद नहीं

माया देवी और रोहताश के दो बेटे हैं — बड़ा बेटा 18 साल और छोटा बेटा 16 साल का है। हत्या के समय दोनों बेटे छत पर सो रहे थे जबकि दंपती आंगन में चारपाई पर सोए हुए थे।

ग्रामीणों के अनुसार, आरोपी नशा नहीं करता था, और न ही पति-पत्नी के बीच किसी विवाद की जानकारी थी। माया देवी घर के साथ-साथ किराने और मनियारी की दुकान भी चलाती थीं, जिसे रोहताश ने खुद 8 साल पहले खुलवाया था।


परिजनों को दी गई सूचना

मृतका का मायका सिरसा जिले के ही गांव महमदपुरिया में है। थाना प्रभारी राजकुमार ने बताया कि मायके पक्ष को सूचित कर दिया गया है।

पोस्टमॉर्टम के बाद शव परिजनों को सौंपा जाएगा। पुलिस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है और आरोपी से पूछताछ जारी है।


अहम बातें:

  • हत्या शनिवार सुबह 4 बजे के करीब हुई

  • आरोपी ने खुद कॉल कर पुलिस को दी सूचना

  • कस्सी से एक ही वार में पत्नी की गर्दन काटी

  • पति-पत्नी में कोई विवाद नहीं था

  • महिला घर में दुकान भी चलाती थी

  • पुलिस ने फोरेंसिक जांच के बाद घर किया सील

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!