कुरुक्षेत्र में करंट लगने से 2 सगे भाइयों की मौत:बचाने आया बेटा गंभीर, ट्रांसफार्मर के तार में करंट आने से हादसा

कुरुक्षेत्र ( Sahil Kasoon )गांव धनतोड़ी में शुक्रवार को बरसात के दौरान ट्रांसफार्मर की तार में करंट आने से एक ही परिवार के 3 लोग इसकी चपेट में आ गए। तीनों को गंभीर हालत में निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जिसमें से 2 सगे भाइयों की मौत हो गई है।
जानकारी के अनुसार, गांव निवासी बिंदर राम (पुत्र मनीराम) सबसे पहले करंट की चपेट में आया। बताया जा रहा है कि बारिश के कारण ट्रांसफार्मर की बिजली की तार में करंट फैल गया था। जैसे ही बिंदर राम इसकी चपेट में आया तो उसे बचाने के लिए उसका भाई नाथी राम दौड़ा। जैसे ही उन्होंने बिंदर राम को छुड़ाने की कोशिश की, वो भी करंट की चपेट में आ गया।

दोनों को तड़पता देख नाथी राम का 35 वर्षीय बेटा लाडी उन्हें बचाने के लिए आगे आया। उसने जैसे ही अपने पिता और ताऊ को छुड़ाने की कोशिश की, वह भी करंट की चपेट में आ गया। देखते ही देखते एक ही परिवार के 3 लोग बिजली के तेज करंट की चपेट में आ गए।
घटना के बाद आसपास के लोगों ने शोर मचाया और बड़ी मुश्किल से तीनों को करंट से अलग किया। इसके बाद परिजन और ग्रामीण उन्हें तुरंत क्षेत्र के अग्रवाल अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां 2 की इलाज के दौरान मौत हो गई, जबकि तीसरे की हालत भी गंभीर बनी हुई है।
हादसे की खबर फैलते ही गांव में लोगों की भीड़ जुट गई। ग्रामीणों का कहना है कि बारिश के दौरान बिजली के तार और ट्रांसफार्मर के आसपास विशेष सावधानी बरतने की जरूरत होती है। शुरुआती जानकारी के मुताबिक, बारिश की वजह से ट्रांसफार्मर की तार में करंट फैलने के कारण यह हादसा हुआ।




