loader image

‘वोट बचाओ, देश बचाओ’ चौपाल अभियान के तहत पुंडरी हलके के गांव ढांड में ऐतिहासिक जनसभा

ढाँड-पुंडरी/कैथल, 17 नवंबर 2026 ( साहिल कसून )
हरियाणा प्रदेश कांग्रेस कमेटी द्वारा चलाए जा रहे व्यापक जनसंपर्क अभियान “वोट बचाओ देश बचाओ चौपाल अभियान” के अंतर्गत पुंडरी विधानसभा क्षेत्र के ऐतिहासिक गांव ढाँड की गुर्जर चौपाल में एक भव्य और जोरदार कार्यक्रम का आयोजन किया गया। गांव की प्रसिद्ध गुर्जर चौपाल में आयोजित इस कार्यक्रम में क्षेत्र के सैकड़ों कांग्रेस कार्यकर्ताओं, ग्रामीणों, महिलाओं, युवाओं और बुजुर्गों ने भाग लिया।

कार्यक्रम की अध्यक्षता जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष रामचन्द्र गुर्जर ढाँड ने की। मंच पर बतौर मुख्य अतिथि हरियाणा प्रदेश कांग्रेस कमेटी के प्रभारी संजय दत्त, प्रदेश अध्यक्ष राव नरेन्द्र सिंह तथा कैथल विधायक आदित्य सुरजेवाला विराजमान रहे। स्थानीय कार्यकर्ताओं ने अतिथियों का जोरदार स्वागत किया और उन्हें माला पहनाकर सम्मानित किया।

प्रदेश कांग्रेस प्रभारी संजय दत्त ने अपने प्रभावशाली संबोधन में वर्तमान राजनीतिक स्थिति पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि देश और प्रदेश में लोकतंत्र पर संकट के बादल मंडरा रहे हैं। मतदाताओं को गुमराह करने और उनके अधिकारों को कुचलने के प्रयासों के खिलाफ कांग्रेस पार्टी सड़कों पर उतर चुकी है। उन्होंने जोर देकर कहा कि “वोट बचाओ देश बचाओ” अभियान का उद्देश्य यही है कि हर नागरिक अपने मताधिकार का सही इस्तेमाल करे और लोकतंत्र को मजबूत बनाए। उन्होंने किसानों, युवाओं, महिलाओं और गरीब वर्ग की समस्याओं का जिक्र करते हुए कहा कि कांग्रेस पार्टी इन वर्गों के हितों की रक्षा के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।

उन्होंने कहा कि कहा भाजपा के झूठे वायदों और जनता के बढ़ते गुस्से के कारण आज भाजपा किसान, मजदूर, महिला, अनुसूचित जाति, पिछड़ा वर्ग और युवाओं के वोट काटने में लगी हुई है। सत्ता बचाने के लिए चुनाव प्रक्रिया में धांधली और वोट चोरी का सहारा लिया जा रहा है। उन्होंने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार पर भी सवाल उठाते हुए कहा कि चुनाव आयोग की निष्पक्षता और विश्वसनीयता पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। जनता को यह हक है कि वह जाने कि चुनाव स्वतंत्र और निष्पक्ष तरीके से हो रहे हैं या नहीं।

प्रदेश अध्यक्ष राव नरेन्द्र सिंह ने कहा कि आज देश और प्रदेश में लोकतंत्र पर सबसे बड़ा खतरा वोट चोरी का है, जिसमें सत्ताधारी दल चुनाव आयोग की आड़ में, ईवीएम और प्रशासनिक मशीनरी का दुरुपयोग कर जनता के वोट चुरा रहे हैं; बूथ कैप्चरिंग, फर्जी वोटिंग, मतदाता सूची में गड़बड़ी और मतगणना में हेरफेर जैसे तरीकों से लोकतंत्र की आत्मा पर हमला हो रहा है, इसलिए कांग्रेस पार्टी ‘वोट बचाओ देश बचाओ’ अभियान चलाकर लोगों को जागरूक कर रही है। भाजपा ने चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार की मदद से देश व प्रदेश में वोट चोरी करके चोरी से सरकार बनाई है।

कैथल विधायक आदित्य सुरजेवाला ने कहा कि भाजपा 2014 में बड़े-बड़े वादों के साथ सत्ता में आई थी। किसानों की आय दुगुनी करने, हर साल 2 करोड़ युवाओं को रोजगार देने, महिलाओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने और हर व्यक्ति के बैंक खाते में 15 लाख रुपये डालने का वादा करके जनता से वोट मांगे गए थे। लेकिन 12 लंबे साल बीत जाने के बाद भी इनमें से एक भी वादा जमीन पर नहीं उतरा।

उन्होंने विस्तार से बताया कि किसानों की आय दुगुनी करने की जगह उनकी लागत लगातार बढ़ती गई, बिजली के बिल आसमान छूने लगे, किसानों को फसलों को औने पौने रेट पर बेचनी पड़ रहा है और कर्ज का बोझ और बढ़ गया। हर साल 2 करोड़ रोजगार देने का दावा सिर्फ प्रेस कॉन्फ्रेंस और भाषणों तक सीमित रह गया। युवा बेरोजगारी से जूझ रहे हैं। महिलाओं की सुरक्षा के नाम पर अपराध बढ़े, महिलाओं के साथ होने वाली घटनाओं में कोई ठोस कमी नहीं आई। और 15 लाख रुपये का वादा तो महज चुनावी जुमला साबित हुआ, जिसका कोई अता-पता नहीं।

तीनों नेताओं ने कहा कि जनता अब इन झूठे वायदों और लोकतंत्र के साथ हो रहे खिलवाड़ को अच्छी तरह समझ चुकी है। ‘वोट बचाओ-देश बचाओ’ अभियान के जरिए कांग्रेस पार्टी गांव-गांव और घर-घर जाकर मतदाताओं को जागरूक कर रही है ताकि कोई भी अपना वोट चोरी और वोट कटने न दे।

उन्होंने भाजपा सरकार को चेतावनी देते हुए कहा कि जनता का गुस्सा अब वोट के रूप में सामने आएगा। भाजपा को अपने अधूरे वायदों, झूठे जुमलों और लोकतंत्र के साथ किए जा रहे खिलवाड़ का जवाब देना ही होगा। दोनों नेताओं ने सभी वर्गों के लोगों से अपील की कि वे जागरूक रहें, अपना वोट सुरक्षित रखें और देश व लोकतंत्र की रक्षा के लिए सही फैसला करें।

पूर्व सीपीएस सुल्तान जड़ौला और पूर्व विधायक रणधीर गोलन ने भी सभा में अपने संबोधन में वोट चोरी को लेकर सत्तासीन भाजपा सरकार पर हमला बोला। उन्होंने कहा कि आज देश व प्रदेश की जनता को पता चल गया है कि भाजपा ने वोट चोरी करके सरकार बनाई है। मतदाता सूची में किसी भी प्रकार की गड़बड़ी लोकतंत्र के लिए गंभीर विषय है। उन्होंने कहा कि वोट जनता का अधिकार है और किसी भी कीमत पर पात्र मतदाता को उसके अधिकार से वंचित नहीं किया जाना चाहिए।

कांग्रेस जिलाध्यक्ष रामचन्द्र गुर्जर ढाँड ने कहा कि वोट चोरी और मतदाता सूची की गड़बड़ियों ने लोकतंत्र को कमजोर कर दिया है। हम जिला स्तर पर भी इस लड़ाई को और मजबूत करेंगे। हर बूथ, हर गांव में जाकर लोगों को जागरूक करेंगे। ज्ञानेश कुमार इस्तीफा दें और चुनाव आयोग अपनी विश्वसनीयता वापस हासिल करे। कांग्रेस जिले की जनता के साथ खड़ी है और रहेगी।

कार्यक्रम में जिलाध्यक्ष रामचन्द्र गुर्जर ढाँड ने सभी मुख्य अतिथियों को स्मृति चिह्न और शॉल भेंट कर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर सुरेश रोड, रामचन्द्र जड़ौला, मंच संचालक दर्शन खनौदा, सुरेन्द्र रांझा, एडवोकेट पी एल भारद्वाज, केकेसी ज़िलाध्यक्ष मास्टर मेहर सिंह, किसान कांग्रेस जिलाध्यक्ष जोरा सिनंद, ब्लॉक अध्यक्ष कलायत दलबीर सिंह, केकेसी उपाध्यक्ष रामकिशन ठाकुर, बृजपाल राणा, महिला कांग्रेस प्रदेश उपाध्यक्ष प्रिज्ञा पाशा जैन, महिला कांग्रेस जिलाध्यक्ष सुशीला शर्मा, नरेंद्र शर्मा पिलनी, कैथल ग्रामीण ब्लॉक अध्यक्ष कुलदीप चहल, किसान कांग्रेस हलकाध्यक्ष रामफल नौच, महेन्द्र जांबा, रामफल मोहना, नवीन गोरा, लख्मी पबनावा, प्यारा सरपंच, राकेश पबनावा, रणबीर मदूद, सोनू सेठ, पूर्व सरपंच पवन कसाना, पूर्व सरपंच धर्मपाल बाल्मीकि, महेंद्र नंबरदार, राहुल गोरसी, विकास गुर्जर, बनारसी मुंडन, पीरथी श्योकंद, बीरबल जाजनपुर, मुकेश राणा, जोगेंद्र बादल, जितेंद्र गढ़ी, अनिल गुर्जर, राजपाल आर्य, जयपाल शर्मा, रोशन पाड़ला, रामनिवास मेहरा, परवीन कसान सहित अन्य साथी मौजूद रहे।

Sahil Kasoon

The Air News (Writer/Editer)

Sahil Kasoon

The Air News (Writer/Editer)

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!