loader image
Tuesday, November 3, 2026

कैथल के संजीव की अमेरिका में हार्ट अटैक से मौत, 45 लाख खर्च कर गया था विदेश; पत्नी और 2 बच्चे बेसहारा

संजीव का फाइल फोटो। - Dainik Bhaskar

संजीव का फाइल फोटो।

कैथल ( साहिल कसून ) गांव रसीना निवासी करीब 40 वर्षीय संजीव की अमेरिका में हार्ट अटैक से मौत हो गई। वह करीब नौ साल पहले परिवार की आर्थिक स्थिति सुधारने और कमाई करने के उद्देश्य से अमेरिका गया था।

अब परिवार को उसकी मौत की सूचना मिली है। संजीव की मौत की खबर से गांव में शोक का माहौल है। ग्रामीणों और सामाजिक संस्थाओं से जुड़े लोगों ने परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त की है।

परिजनों के अनुसार, संजीव करीब नौ-दस साल से अमेरिका में रह रहा था और डंकी के रास्ते गया था। वह कैलिफोर्निया में गाड़ी चलाने का काम करता था और वहां की नागरिकता भी प्राप्त कर चुका था। 28 अक्टूबर को अचानक उसकी तबीयत खराब हो गई। साथ रहने वाले लोग उसे अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

परिजनों और सामाजिक संस्थाओं ने सरकार तथा अन्य संस्थाओं से संजीव का शव भारत लाने में सहयोग करने की अपील की है।

संजीव के चचेरे भाई राजेश ने बताया कि उसे अमेरिका भेजने के लिए परिवार ने करीब 45 लाख रुपए खर्च किए थे। इस रकम का इंतजाम करने के लिए कुछ पैसे जानकारों से भी उधार लिए गए थे। परिवार को उम्मीद थी कि संजीव वहां कमाई करके घर की आर्थिक स्थिति मजबूत करेगा।

परिजनों के अनुसार, संजीव शादीशुदा था। उसके पिता का पहले ही निधन हो चुका है। परिवार में उसकी मां, पत्नी और दो बच्चे हैं। पहले परिवार खेती करता था, लेकिन संजीव को विदेश भेजने के लिए जमीन बेच दी गई थी।

परिजनों ने सरकार और सामाजिक संस्थाओं से संजीव का शव भारत लाने तथा परिवार की मदद करने की अपील की है।

Sahil Kasoon

The Air News (Writer/Editer)

Sahil Kasoon

The Air News (Writer/Editer)

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!