loader image
Monday, April 20, 2026

रोहतक में महिला की हत्या: लेडीज संगीत में डांस से भड़का जेठ, दरात से किया हमला


हरियाणा के रोहतक जिले में एक दर्दनाक घटना सामने आई है, जहां लेडीज संगीत में डांस करने से नाराज जेठ ने अपने छोटे भाई की पत्नी की दरात से हमला कर हत्या कर दी। घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया, जबकि पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

जानकारी के अनुसार, रिठाल गांव निवासी 39 वर्षीय प्रवेश अपने पड़ोस में आयोजित लेडीज संगीत कार्यक्रम में शामिल होने गई थी। वहां अन्य महिलाओं के साथ डांस करने के बाद जब वह घर लौटी, तो उसके जेठ जसबीर फोगाट ने उससे झगड़ा शुरू कर दिया। आरोप है कि गुस्से में आकर उसने दरात उठाई और प्रवेश पर हमला कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गई।

परिवार के मुताबिक, आरोपी ने महिला के मुंह, पेट और हाथ सहित शरीर के कई हिस्सों पर वार किए और उसे खून से लथपथ छोड़कर फरार हो गया। उस समय घर में महिला के तीनों बच्चे मौजूद थे, जबकि उसका पति और सास घर पर नहीं थे। कुछ देर बाद बेटे ने घटना की जानकारी अपने मामा को दी, जिसके बाद परिजन मौके पर पहुंचे और महिला को इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया, जहां उसने दम तोड़ दिया।

मृतका के परिजनों का आरोप है कि आरोपी पहले भी उसे बाहर जाने को लेकर टोकता रहता था और कुछ समय पहले भात में जाने को लेकर उसे जान से मारने की धमकी भी दी गई थी। इसी रंजिश के चलते इस वारदात को अंजाम दिया गया।

पुलिस ने मृतका के मायके पक्ष की शिकायत पर केस दर्ज कर लिया है और आरोपी की तलाश जारी है। मामले की जांच की जा रही है।

Sahil Kasoon

The Air News (Writer/Editer)

Sahil Kasoon

The Air News (Writer/Editer)

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!