loader image
Tuesday, April 21, 2026

करनाल में सूरज हत्याकांड को लेकर बवाल: एससी समाज पर टिप्पणी के विरोध में प्रदर्शन, आरोपियों पर कार्रवाई की मांग

हरियाणा के करनाल जिले के गांव गोंदर में सूरज हत्याकांड के बाद माहौल लगातार गरमाता जा रहा है। विरोध प्रदर्शन के दौरान अनुसूचित जाति (एससी) समाज के खिलाफ कथित अभद्र टिप्पणियों को लेकर अब विवाद और गहरा गया है। मंगलवार को बड़ी संख्या में एससी समाज के लोग करनाल जिला सचिवालय पहुंचे और आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग को लेकर जोरदार प्रदर्शन किया।

प्रदर्शनकारियों ने नारेबाजी करते हुए कहा कि जब तक आरोपियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज नहीं की जाती और संबंधित महिला सार्वजनिक रूप से माफी नहीं मांगती, तब तक उनका धरना जारी रहेगा। उनका कहना है कि इस तरह की टिप्पणियां पूरे समाज का अपमान हैं और इससे सामाजिक सौहार्द को नुकसान पहुंचता है।

शिकायतकर्ता जसबीर कुमार के अनुसार, 19 अप्रैल को गांव गोंदर में सूरज हत्याकांड को लेकर चल रहे विरोध के दौरान कुछ लोगों ने एससी समाज के खिलाफ आपत्तिजनक बयान दिए। आरोप है कि कुलदीप राणा ने भीड़ के बीच भड़काऊ बयान देते हुए समाज को निशाना बनाया और माहौल को तनावपूर्ण किया।

इसके अलावा, रानी देवी पर भी एससी समाज की महिलाओं को लेकर अभद्र टिप्पणी करने का आरोप लगा है। वहीं अजय उर्फ वासू पर गाली-गलौज और धमकी देने के आरोप लगाए गए हैं। प्रदर्शनकारियों का कहना है कि इन सभी आरोपियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाए।

प्रदर्शन में शामिल लोगों ने प्रशासन को चेतावनी दी कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा। उन्होंने स्पष्ट कहा कि समाज के सम्मान से कोई समझौता नहीं किया जाएगा और दोषियों को सजा दिलाने तक संघर्ष जारी रहेगा।

Sahil Kasoon

The Air News (Writer/Editer)

Sahil Kasoon

The Air News (Writer/Editer)

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!