हरियाणा CET ग्रुप-डी भर्ती 2026 का नोटिफिकेशन जारी, 19 जून से आवेदन शुरू, 7,596 पदों पर होगी भर्ती

हरियाणा कर्मचारी चयन आयोग (HSSC) ने कॉमन एलिजिबिलिटी टेस्ट (CET) ग्रुप-डी भर्ती-2026 का विज्ञापन जारी कर दिया है। आयोग के अनुसार ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया 19 जून 2026 से शुरू होगी, जबकि अभ्यर्थी 3 जुलाई 2026 रात 11:59 बजे तक आवेदन कर सकेंगे। आवेदन शुल्क जमा कराने की अंतिम तिथि 6 जुलाई निर्धारित की गई है।
आयोग ने अभ्यर्थियों को आवेदन पत्र में त्रुटि सुधार का भी अवसर दिया है। चेयरमैन हिम्मत सिंह के अनुसार, उम्मीदवार 7 जुलाई से 9 जुलाई 2026 तक अपने आवेदन में संशोधन कर सकेंगे। परीक्षा और एडमिट कार्ड जारी करने की तिथि बाद में अलग से घोषित की जाएगी। खास बात यह है कि आरक्षित वर्गों बीसीए, बीसीबी और ईडब्ल्यूएस के लिए प्रमाण पत्र की शर्तें भी तय की गई है।
सरकार ने एक माह पहले ही ग्रुप डी की भर्ती प्रक्रिया में बड़ा बदलाव करते हुए नया चयन मानदंड लागू किया था। मानव संसाधन विभाग की ओर बाकायदा गजट नोटिफिकेशन जारी किया था, जिसमें ग्रुप-डी पदों पर भर्ती पूरी तरह कॉमन एलिजिबिलिटी टेस्ट (CET) के अंकों के आधार पर करने की घोषणा हुई थी।
हरियाणा कर्मचारी चयन आयोग की ओर से जारी लेटर…

आयोग की ओर से जारी विज्ञापन के अनुसार बीसीए, बीसीबी और ईडब्ल्यूएस श्रेणी के अभ्यर्थियों के प्रमाण पत्र 1 अप्रैल 2026 या उसके बाद जारी किए गए होने चाहिए तथा आवेदन की अंतिम तिथि तक वैध होने चाहिए। वहीं डीएससी और ओएससी वर्ग के अभ्यर्थियों के लिए प्रमाण पत्र 13 नवंबर 2024 के बाद जारी होना अनिवार्य किया गया है।
पीडब्ल्यूबीडी और ईएसपी श्रेणी के उम्मीदवारों के प्रमाण पत्र आवेदन की अंतिम तिथि तक वैध होने चाहिए। पूर्व सैनिक (ESM) के परिवार के सदस्यों के लिए पात्रता प्रमाण पत्र 20 जून 2025 या उसके बाद जारी अथवा नवीनीकृत होना जरूरी होगा।
आयोग ने स्पष्ट किया है कि एडमिट कार्ड डाउनलोड करने और परीक्षा आयोजन की तिथि फिलहाल घोषित नहीं की गई है। इसके संबंध में अलग से सूचना जारी की जाएगी। अभ्यर्थी आयोग की वेबसाइट पर जाकर विस्तृत विज्ञापन और पात्रता संबंधी जानकारी प्राप्त कर सकते हैं।
बता दें कि CM नायब सैनी सरकार ग्रुप D के साढ़े 7 हजार पदों पर भर्ती की घोषणा कर चुकी हैं। माना जा रहा है कि सरकार कुल 7,596 पदों पर भर्ती करेगी। सुप्रीम कोर्ट के आदेश के बाद सरकार प्रदेश में SC आरक्षण के वर्गीकरण को लागू कर चुकी है। इसके बाद इन पदों में से 1,209 पद वंचित अनुसूचित जाति (DSC) और अन्य अनुसूचित जाति (OSC) के लिए आरक्षित किए गए हैं।
इस फैसले के बाद ग्रुप-डी भर्ती प्रक्रिया अधिक पारदर्शी और पूरी तरह मेरिट आधारित होगी। यानि अब चयन में केवल CET प्रदर्शन ही निर्णायक भूमिका निभाएगा उम्मीदवारों का चयन और सिफारिश, उन पदों को छोड़कर जिनकी न्यूनतम शैक्षणिक योग्यता मैट्रिक से कम है, केवल सामान्य पात्रता परीक्षा (CET) में प्राप्त अंकों के आधार पर होगी। CET स्कोर को ही 100 प्रतिशत वेटेज दिया जाएगा।
सरकार ने CET के पाठ्यक्रम को दो भागों में विभाजित किया है। पहला, 75 प्रतिशत अंक, सामान्य जागरूकता, तर्कशक्ति, गणितीय योग्यता, अंग्रेजी, हिंदी और संबंधित विषय। और दूसरा 25 प्रतिशत अंक, हरियाणा का इतिहास, समसामयिक घटनाएं, साहित्य, भूगोल, पर्यावरण और संस्कृति। ग्रुप-डी पदों के लिए प्रश्नपत्र का स्तर मैट्रिक (10वीं) के समकक्ष होगा।
गजट में स्पष्ट किया गया है कि जिन अभ्यर्थियों ने 12 जनवरी 2024 को आयोजित ग्रुप-डी CET परीक्षा उत्तीर्ण की थी और जिसकी वैधता 11 जनवरी 2027 तक है, उनके अंकों को भी अधिकतम 95 अंकों के सापेक्ष प्रतिशत में परिवर्तित किया जाएगा। साथ ही भविष्य में आयोजित CET में सफल अभ्यर्थियों के अंकों को भी इसी आधार पर सामान्यीकृत कर संयुक्त मेरिट सूची तैयार की जाएगी।




