loader image

यमुनानगर में दर्दनाक हादसा: हरिद्वार से लौट रहे दो कांवड़ियों को ट्रक ने कुचला, मौके पर मौत

फाइल फोटो। - Dainik Bhaskar

फाइल फोटो।

यमुनानगर ( Sahil Kasoon ) कांवड़ यात्रा के दौरान रादौर-कुरुक्षेत्र मार्ग पर गांव घोड़ग के पास गुरुवार देर रात हुए सड़क हादसे में 2 कांवड़ियों की मौत हो गई। दोनों युवक हरिद्वार से जल लेकर अपने शिवालय लौट रहे थे। इसी दौरान पीछे से तेज रफ्तार में आए एक अज्ञात ट्रक ने उन्हें टक्कर मार दी और कुचलते हुए फरार हो गया।

हादसे में दोनों युवकों की मौके पर ही मौत हो गई। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शवों को सिविल अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। मृतकों की पहचान सचिन (21) पुत्र शमशेर सिंह, अजय कुमार उर्फ काला (21) पुत्र बीरा राम निवासी जींद जिले के नरवाना के मोरपट्टी मोहल्ला के रूप में हुई है।

सचिन की हाल ही अप्रैल माह में शादी हुई थी और वह 2 बहनों का इकलौता भाई था। वहीं अजय 2 भाईयों में छोटा था और खेतीबाड़ी करता था। दोनों पहली बार कांवड़ लेने आए थे। पुलिस ने केस दर्ज कर आरोपी ड्राइवर की तलाश शुरू कर दी है।

घटना स्थल पर पड़ा कांवड़िया का शव।
घटना स्थल पर पड़ा कांवड़िया का शव।

यमुनानगर सदर थाना पुलिस को दी शिकायत में जींद जिले के नरवाना के मोरपट्टी मोहल्ला निवासी विक्रम कुमार ने बताया कि वह अपने ताऊ के बेटे सचिन और गांव का ही युवक अजय कुमार और गांव लोन निवासी आशीष कुमार और अन्य साथियों के साथ 3 अगस्त को हरिद्वार से कांवड़ लेने गए थे। सभी श्रद्धालु जल लेकर पैदल अपने गांव लौट रहे थे।

विक्रम के अनुसार, बीती रात करीब 11 बजे जब उनका जत्था रादौर-कुरुक्षेत्र रोड पर गांव घोड़ग के पास पहुंचा, तभी यमुनानगर की ओर से तेज रफ्तार और लापरवाही से आ रहे एक अज्ञात ट्रक ने पीछे से सचिन और अजय को जोरदार टक्कर मार दी।

टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों युवक सड़क पर गिर गए और ट्रक उन्हें कुचलता हुआ मौके से फरार हो गया। विक्रम ने बताया कि समय रहते उसने सड़क किनारे छलांग लगाकर अपनी जान बचाई।

हादसे के तुरंत बाद विक्रम ने डायल-112 पर सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस और एंबुलेंस मौके पर पहुंची। दोनों घायलों को सिविल अस्पताल यमुनानगर ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।

घटना की सूचना मिलने पर थाना सदर यमुनानगर के एएसआई सुनील कुमार पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। घटनास्थल का निरीक्षण किया गया और अस्पताल में मृतकों के परिजनों के बयान दर्ज किए गए।

घटना स्थल पर पड़ा दूसरे कांवड़िया का शव और मौजूद लोग।
घटना स्थल पर पड़ा दूसरे कांवड़िया का शव और मौजूद लोग।

पुलिस ने विक्रम की शिकायत के आधार पर अज्ञात ट्रक ड्राइवर के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है और फरार ट्रक ड्राइवर की पहचान कर उसे गिरफ्तार करने के प्रयास किए जा रहे हैं। पोस्टमार्टम के बाद दोनों शव परिजनों को सौंप दिए गए, जिन्हें अंतिम संस्कार के लिए जींद ले जाया गया।

विक्रम कुमार ने बताया कि कांवड़ यात्रा के दौरान उत्तर प्रदेश में श्रद्धालुओं के लिए बेहतर व्यवस्थाएं थीं। पूरे मार्ग पर पर्याप्त रोशनी, सुरक्षा और ट्रैफिक नियंत्रण के इंतजाम किए गए थे। लेकिन जैसे ही उनका जत्था हरियाणा में दाखिल हुआ, सड़क पर अंधेरा था और कहीं भी ट्रैफिक व्यवस्था संभालने के लिए पुलिस या अन्य कर्मचारी नजर नहीं आए।

उनका आरोप है कि यदि सड़क पर पर्याप्त रोशनी और ट्रैफिक नियंत्रण होता तो शायद यह हादसा टाला जा सकता था।

विक्रम ने बताया कि वह पहले भी कई बार हरिद्वार से कांवड़ लेकर आ चुके हैं, लेकिन सचिन और अजय पहली बार उनके साथ कांवड़ यात्रा पर गए थे। सचिन अपने परिवार का इकलौता बेटा था। उसकी 2 बहनें हैं। इसी वर्ष 5 फरवरी को सचिन और उसकी बहन की शादी एक ही दिन हुई थी। वह पढ़ाई के साथ-साथ काम भी करता था और परिवार की जिम्मेदारियों में हाथ बंटाता था।

वहीं अजय कुमार दो भाइयों में छोटा था। वह खेती-बाड़ी का काम करता था और परिवार के साथ रहता था। हादसे के बाद दोनों परिवारों में मातम पसर गया है।

हादसे की सूचना मिलते ही दोनों युवकों के परिजन रात में ही यमुनानगर पहुंच गए। शुक्रवार सुबह सिविल अस्पताल में पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी होने के बाद पुलिस ने दोनों शव परिजनों को सौंप दिए। इसके बाद परिजन शवों को लेकर अपने पैतृक गांव के लिए रवाना हो गए। पूरे गांव में दोनों युवकों की असमय मौत से शोक की लहर है।

Sahil Kasoon

The Air News (Writer/Editer)

Sahil Kasoon

The Air News (Writer/Editer)

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!