यमुनानगर में मॉर्निंग वॉक पर निकले व्यक्ति की गोली मारकर हत्या, बाइक सवार बदमाश फरार

हरियाणा के यमुनानगर में सोमवार सुबह उस समय सनसनी फैल गई जब मॉर्निंग वॉक पर निकले एक व्यक्ति की अज्ञात बदमाशों ने गोली मारकर हत्या कर दी। मृतक की पहचान सतनाम सिंह के रूप में हुई है, जो खेतीबाड़ी का काम करते थे।
जानकारी के अनुसार सतनाम सिंह रोजाना की तरह सुबह करीब 5:30 बजे गांव के आसपास सैर करने के लिए निकले थे। इसी दौरान बाइक सवार हमलावरों ने उनके सामने बाइक रोकी और ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी। गोली लगने से सतनाम सिंह मौके पर ही गंभीर रूप से घायल होकर गिर पड़े और उनकी मौत हो गई।
बताया जा रहा है कि सतनाम सिंह गांव में अकेले रहते थे और बोलने में असमर्थ थे। उनकी पत्नी और बेटा बाहर रहते हैं। घटना के बाद पूरे गांव में दहशत और गुस्से का माहौल है।

ग्रामीणों के अनुसार सुबह अचानक गोलियों जैसी तेज आवाजें सुनाई दीं। पहले लोगों को लगा कि किसी वाहन का टायर फटा है, लेकिन बाहर निकलकर देखा तो सतनाम सिंह खून से लथपथ पड़े थे। तब तक हमलावर मौके से फरार हो चुके थे।
पूर्व सरपंच जरनैल सिंह ने आशंका जताई कि मामला पुरानी रंजिश से जुड़ा हो सकता है। वहीं पुलिस हर एंगल से जांच में जुटी हुई है।

डीएसपी रजत गुलिया ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया। आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है ताकि आरोपियों की पहचान की जा सके।




