कैथल के होटल में पुलिस की रेड: 14 युवक-युवतियां मिले, चेतावनी देकर छोड़ा

हरियाणा के कैथल में पुलिस ने सनसिटी के सामने स्थित एक होटल में छापेमारी की। रेड के दौरान होटल के कमरों में 14 लड़के और लड़कियां मौजूद पाए गए। हालांकि जांच में यह स्पष्ट हुआ कि बाहर से लड़कियों को बुलाकर देह व्यापार जैसी कोई गतिविधि नहीं चल रही थी।
पुलिस को मौके पर आधा दर्जन से अधिक प्रेमी जोड़े मिले, जिन्हें कमरों से बाहर निकालकर सख्त चेतावनी दी गई। पुलिस ने सभी को समझाकर छोड़ दिया और दोबारा इस तरह की गतिविधियों में शामिल न होने की हिदायत दी।

सिविल लाइन थाना के एसएचओ रामनिवास ने बताया कि सूचना मिली थी कि ‘सम्राट’ नाम के होटल में अनैतिक कार्य हो रहे हैं। साथ ही यह भी जानकारी दी गई थी कि स्कूल की नाबालिग लड़कियां भी यहां लाई जाती हैं। इसी आधार पर सिविल लाइन थाना और महिला थाना की संयुक्त टीम ने कार्रवाई की।
जांच के दौरान कोई भी नाबालिग लड़की मौके पर नहीं मिली। पुलिस ने युवक-युवतियों को समझाया कि इस तरह के कार्यों से परिवार की बदनामी के साथ-साथ कानूनी कार्रवाई का सामना करना पड़ सकता है।
पुलिस ने होटल मालिक को भी चेतावनी दी है कि भविष्य में किसी भी तरह की गैरकानूनी गतिविधि सामने आई तो सख्त कार्रवाई की जाएगी।




