कैथल में IG अश्विन शैणवी की अपराध समीक्षा बैठक, पुलिस अधिकारियों को दिए सख्त निर्देश
कैथल, 14 अक्टूबर ( साहिल कसून ) पुलिस महानिरीक्षक करनाल मंडल, करनाल अश्विन शैणवी बुधवार को कैथल पुलिस लाइन पहुंचे। जहां पुलिस लाइन में एसपी मनप्रीत सिंह सूदन द्वारा आईजी का स्वागत किया गया। इसके बाद पुलिस गार्द द्वारा उन्हे गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया। पुलिस लाइन के सभागार में पर्यवेक्षण अधिकारियों, थाना व चौकी इंचार्ज तथा सभी क्राइम युनिट प्रभारियों के साथ अपराध समीक्षा बैठक कर जिले में कानून व्यवस्था, अपराध नियंत्रण एवं लंबित मामलों की समीक्षा की। बैठक में सर्वप्रथम एसपी मनप्रीत सिंह सूदन ने जिले में कानून व्यवस्था को बेहतर बनाने व अपराध नियंत्रण के संबंध किए गए कार्यों के बारे पुलिस महानिरीक्षक को विस्तृत जानकारी देते हुए अवगत कराया। बैठक में एसपी मनप्रीत सिंह सूदन सहित, डीएसपी बीर भान, डीएसपी रमेश चंद्र, डीएसपी सुशील प्रकाश व सभी थाना प्रबंधक व चौकी इंचार्ज, क्राइम युनिट प्रभारी तथा विभिन्न ब्रांचों के इंचार्ज मौजूद रहे।
पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि बैठक में गंभीर अपराधों की जांच, लंबित मामलों के निपटारे, गिरफ्तारी दर में वृद्धि, नशा व साइबर अपराधों पर नियंत्रण, महिला सुरक्षा तथा शिकायत निवारण प्रक्रिया को लेकर महत्वपूर्ण दिशा-निर्देश जारी किए गए। आईजी अश्विन शैणवी ने कहा कि पुलिस का पहला कर्तव्य अपना काम अच्छे से करते हुए अपराधी को पकड़ कर जनता को सुरक्षित माहौल देना है। पुलिस महानिरीक्षक अश्विन शैणवी ने बैठक में अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि थाना व चौकी में आने वाले प्रत्येक पीड़ित की शिकायत को गंभीरता से सुनकर उसका समयबद्ध समाधान सुनिश्चित किया जाए। पीड़ित की शिकायत चाहे ऑनलाइन, ऑनलाइन या उच्च अधिकारियों के कार्यालय के माध्यम से प्राप्त हुई है उस पर त्वरित निवारक कार्रवाई की जाए। आमजन की समस्याओं का थानों में त्वरित समाधान होना चाहिए।
आईजी अश्विन शैणवी ने कहा कि पुलिस की नौकरी केवल कानून व्यवस्था बनाए रखने तक सीमित नहीं है, बल्कि यह समाज सेवा का एक बेहतरीन माध्यम भी है। प्रत्येक पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारी को पूरी निष्ठा, ईमानदारी और लगन के साथ अपने कर्तव्यों का निर्वहन करना चाहिए। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि अपराधों पर अंकुश लगाने के लिए क्षेत्र में लगातार गश्त, संदिग्ध व्यक्तियों की जांच और अपराधियों पर कड़ी निगरानी रखी जाए। सभी ईमानदारी से कार्य करे। रेंज में तैनात सभी पुलिसकर्मियों के वेलफेयर का भी पूरा ध्यान रखा जाएगा। किसी भी पुलिसकर्मी को वेलफेयर से संबंधित कोई समस्या है तो वे निशंकोच कार्यालय में पेश होकर अपनी समस्या रख सकता है। समस्या को हल करने का भरसक प्रयास रहेगा।





