loader image
Latest:
Sunday, March 22, 2026

पीएम मोदी ने हिसार-अयोध्या फ्लाइट को दिखाई हरी झंडी, पांच मेगा प्रोजेक्टों का उद्घाटन

हरियाणा में विकास की नई उड़ान: पीएम मोदी ने हिसार-अयोध्या फ्लाइट को दिखाई हरी झंडी, पांच मेगा प्रोजेक्टों का उद्घाटन

The Airnews 

हिसार/यमुनानगर, 14 अप्रैल 2025: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आज हरियाणा को कई बड़ी सौगातें दीं, जिनमें हिसार से अयोध्या के लिए फ्लाइट सेवा की शुरुआत, इंटरनेशनल एयरपोर्ट टर्मिनल का शिलान्यास, और यमुनानगर में 800 मेगावाट की थर्मल पावर यूनिट का भूमिपूजन प्रमुख रहे। इसके अलावा उन्होंने भिवानी मेडिकल कॉलेज, रेवाड़ी बाइपास और कंप्रेस्ड बायोगैस प्लांट जैसी परियोजनाओं की भी आधारशिला रखी।

हिसार-अयोध्या फ्लाइट को हरी झंडी, इंटरनेशनल टर्मिनल की आधारशिला

प्रधानमंत्री मोदी का विशेष विमान सुबह दिल्ली से रवाना होकर हिसार एयरपोर्ट पर लैंड हुआ। आगमन के साथ ही प्रधानमंत्री ने हिसार से अयोध्या के लिए फ्लाइट सेवा को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। यह सेवा धार्मिक और पर्यटक दृष्टि से बेहद अहम मानी जा रही है, जो हरियाणा के लोगों को सीधे अयोध्या पहुंचने की सुविधा देगी।

इसके साथ ही प्रधानमंत्री ने शंख के आकार में बनने वाले इंटरनेशनल टर्मिनल की आधारशिला भी रखी। इस टर्मिनल का निर्माण 503 करोड़ रुपये की लागत से किया जाएगा, जिसे एयरपोर्ट अथॉरिटी ऑफ इंडिया द्वारा दिसंबर 2023 में स्वीकृत किया गया था। इसका संचालन वेन्सा इंफ्रास्ट्रक्चर द्वारा किया जाएगा। टर्मिनल के साथ एक कार्गो टर्मिनल और एक एटीसी भवन भी प्रस्तावित है।

जनसभा में उमड़ा जनसैलाब, कड़ी सुरक्षा व्यवस्था

हिसार में आयोजित विशाल जनसभा में हजारों की संख्या में लोग शामिल हुए। सुबह से ही लोगों की चेकिंग कर पंडाल में एंट्री दी जा रही थी। आयोजन स्थल पर पानी का छिड़काव किया गया ताकि धूल न उड़े और लोगों को परेशानी न हो। रैली स्थल पर काले कपड़ों के साथ प्रवेश निषेध किया गया था।

रैली की सुरक्षा को देखते हुए 4500 से अधिक पुलिसकर्मियों को तैनात किया गया। हिसार में 11 एसपी, 37 डीएसपी, और कई पुलिस अधिकारी मौजूद रहे। सभी गेट्स पर डोर फ्रेम मेटल डिटेक्टर और सिविल ड्रेस में सुरक्षा कर्मी तैनात किए गए। स्वास्थ्य सुविधा के लिए 150 मेडिकल स्टाफ और 22 एंबुलेंस मौके पर मौजूद थीं।

मुख्यमंत्री सैनी बोले – ‘हरियाणा विकास की नई उड़ान भर रहा है’

मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी, जो खुद कार्यक्रम स्थल पर मौजूद थे, ने बाबा साहेब अंबेडकर की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर पीएम मोदी को उनके विचारों का अनुयायी बताया। उन्होंने कहा कि पीएम मोदी के नेतृत्व में हरियाणा और विशेष रूप से हिसार क्षेत्र ने नई ऊंचाइयों को छुआ है।

कार्यक्रम स्थल पर बीजेपी के प्रदेश अध्यक्ष मोहन लाल बड़ौली, नागरिक उड्डयन मंत्री विपुल गोयल, ऊर्जा मंत्री अनिल विज, पीडब्ल्यूडी मंत्री रणबीर गंगवा और अन्य विधायकों की उपस्थिति रही।

भिवानी मेडिकल कॉलेज का उद्घाटन

हिसार से ही प्रधानमंत्री मोदी ने वर्चुअली भिवानी में बने 531 करोड़ रुपये की लागत वाले मेडिकल कॉलेज का उद्घाटन किया। इस कॉलेज में 150 एमबीबीएस सीटें और 300 बेड वाला अस्पताल होगा। इसकी शुरुआत में 15 ओपीडी सेवाएं शुरू की जाएंगी और 39 असिस्टेंट प्रोफेसर नियुक्त किए जा चुके हैं। जुलाई 2025 से नए शैक्षणिक सत्र की शुरुआत होगी।

रेवाड़ी बाइपास का उद्घाटन – ट्रैफिक से राहत

प्रधानमंत्री ने रेवाड़ी में 1069.42 करोड़ रुपये की लागत से बने 14.4 किलोमीटर लंबे बाइपास का उद्घाटन किया। यह बाइपास न केवल रेवाड़ी शहर की ट्रैफिक समस्या को दूर करेगा, बल्कि दिल्ली-नारनौल यात्रा को एक घंटे तक कम कर देगा। यह परियोजना भारतमाला प्रोजेक्ट के तहत तैयार की गई है।

यमुनानगर में 800 मेगावाट थर्मल यूनिट का शिलान्यास

दोपहर करीब 12:30 बजे प्रधानमंत्री मोदी यमुनानगर पहुंचे, जहां उन्होंने हरियाणा विद्युत उत्पादन निगम लिमिटेड की 800 मेगावाट की थर्मल यूनिट का शिलान्यास किया। यह यूनिट 233 एकड़ भूमि पर 8469 करोड़ रुपये की लागत से बनेगी और 52 महीनों में इसका संचालन शुरू हो जाएगा। इससे हरियाणा की बिजली जरूरतों को पूरी करने में काफी मदद मिलेगी।

कंप्रेस्ड बायोगैस प्लांट की आधारशिला – गोबर्धन मिशन के तहत पहल

प्रधानमंत्री मोदी ने यमुनानगर-जगाधरी नगर निगम क्षेत्र के मुकरबपुर में 90 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले कंप्रेस्ड बायोगैस प्लांट की आधारशिला भी रखी। यह प्लांट गोबर्धन मिशन के तहत स्थापित किया जाएगा और 2027 तक तैयार होगा। इसकी वार्षिक उत्पादन क्षमता 2600 टन होगी। इससे न केवल स्वच्छ ऊर्जा उत्पादन को बढ़ावा मिलेगा, बल्कि जैविक कचरे के प्रबंधन में भी मदद मिलेगी।

राजनीतिक संदेश भी शामिल, विपक्ष को साधा गया निशाना

कार्यक्रम में पीएम मोदी ने विपक्ष पर भी निशाना साधते हुए कहा कि पिछले दशकों में जो कार्य नहीं हुए, उन्हें उनकी सरकार ने प्राथमिकता से पूरा किया है। उन्होंने कहा कि एयरपोर्ट, मेडिकल कॉलेज, बायपास और ऊर्जा प्रोजेक्ट न केवल बुनियादी ढांचे को सुदृढ़ करेंगे, बल्कि रोजगार, स्वास्थ्य, परिवहन और ऊर्जा क्षेत्रों में हरियाणा को आत्मनिर्भर बनाएंगे।

न्योते के बावजूद कांग्रेस सांसद जेपी नहीं पहुंचे

हिसार कार्यक्रम में कांग्रेस सांसद जयप्रकाश को भी न्योता दिया गया था, लेकिन वे उपस्थित नहीं हो सके। वहीं यमुनानगर में आयोजित कार्यक्रम में पूर्व मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर, केंद्रीय मंत्री राव इंद्रजीत और कृष्णपाल गुर्जर भी शामिल हुए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!