कैथल के पाई गांव में 6 माह का भ्रूण मिला: प्लास्टिक की थैली में फेंका, कुत्ते नोचते मिले; इलाके में सनसनी
कैथल | Sahil Kasoon The Airnews : हरियाणा के कैथल जिले के पाई गांव से मानवता को झकझोर देने वाला मामला सामने आया है। यहां सुबह एक गली में प्लास्टिक की थैली में लिपटा करीब 6 महीने का भ्रूण मिला, जिसे आवारा कुत्ते नोच रहे थे। यह दृश्य देख ग्रामीणों में हड़कंप मच गया। लोगों ने तुरंत डायल-112 पर कॉल कर पुलिस को सूचना दी।
मौके पर पहुंची पुलिस और फॉरेंसिक टीम
घटना की सूचना मिलते ही पूंडरी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और इलाके को घेर लिया। साथ ही सीन ऑफ क्राइम टीम को भी बुलाया गया है, जो भ्रूण की जांच में जुटी है। पुलिस ने भ्रूण को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए नागरिक अस्पताल भेज दिया है।
अवैध डिलीवरी और भ्रूण हत्या की आशंका
प्राथमिक जांच में पुलिस को आशंका है कि किसी महिला ने अवैध रूप से गर्भपात कराया और लोकलाज के डर से भ्रूण को थैले में डालकर गली में फेंक दिया। हालांकि यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि भ्रूण लड़की का था या लड़के का। पुलिस अब गांव में यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि यह भ्रूण किस महिला का हो सकता है।
गांव में फैली सनसनी, पुलिस कर रही गहन जांच
घटना के बाद से गांव में दहशत और चर्चा का माहौल है। पुलिस पड़ताल कर रही है कि हाल ही में गांव में किसी महिला की गर्भवस्था या प्रसव संबंधी कोई संदिग्ध स्थिति रही हो। ग्रामीणों से पूछताछ और मेडिकल संस्थानों से रिकॉर्ड खंगाले जा रहे हैं।
थाना प्रभारी का बयान
पूंडरी थाना प्रभारी राजेंद्र कुमार ने बताया कि, “घटना की सूचना मिलते ही टीम मौके पर पहुंची। शुरुआती जांच में भ्रूण करीब 6 माह का प्रतीत हो रहा है। इसकी फॉरेंसिक जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। दोषी को बख्शा नहीं जाएगा।”





