loader image
Latest:
Sunday, March 22, 2026

सोनीपत में पुलिस मुठभेड़, बदमाश के पैर में लगी गोली: 5 हजार का इनामी आरोपी गिरफ्तार

मुठभेड़ के दौरान बदमाश के पैर में गोली लगी है।

12 से अधिक लूटपाट की वारदातों में शामिल, यूपी पुलिस से भी हो चुकी है मुठभेड़

सोनीपत, Sahil Kasoon The Airnews : हरियाणा के सोनीपत जिले में अपराधियों के खिलाफ पुलिस की सख्त कार्रवाई जारी है। बीती रात केएमपी एक्सप्रेसवे स्थित जखोली टोल के पास एक इनामी बदमाश को पुलिस ने मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। आरोपी दानिश उर्फ गोलू के पैर में गोली लगने के बाद उसे काबू कर लिया गया। पुलिस ने बताया कि यह आरोपी उत्तर प्रदेश का निवासी है और 12 से अधिक लूट की वारदातों में शामिल रहा है।सोनीपत स्पेशल एंटी गैंगस्टर यूनिट (SAGU) के प्रभारी अजय धनखड़ की टीम को सूचना मिली थी कि कुख्यात लुटेरा दानिश अपने गिरोह के साथ केएमपी पर किसी बड़ी वारदात को अंजाम देने वाला है। जैसे ही टीम ने जखोली टोल पर घेरेबंदी की, बदमाश ने पुलिस को देखते ही फायरिंग कर दी।

पुलिस की जवाबी कार्रवाई में दानिश के पैर में गोली लगी और वह वहीं गिर पड़ा। पुलिस ने उसे तुरंत पकड़ लिया और उपचार के लिए नागरिक अस्पताल, सोनीपत में भर्ती कराया गया है।पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी दानिश उर्फ गोलू पर ₹5000 का इनाम घोषित था। इससे पहले वह उत्तर प्रदेश में भी पुलिस मुठभेड़ का सामना कर चुका है। उसका नाम कई लूट की वारदातों में सामने आया है।

पुलिस ने मुठभेड़ की जगह से एक अवैध हथियार, एक जिंदा राउंड और मोबाइल फोन भी बरामद किया है। यह बदमाश अपने साथियों शावेज और शहाबुद्दीन के साथ मिलकर ट्रक चालकों को निशाना बनाते थे।पुलिस ने पहले ही शावेज को कुंडली थाना क्षेत्र से गिरफ्तार कर लिया था। उसी की सूचना पर दानिश को पकड़ने के लिए पुलिस ने जाल बिछाया था, जो मुठभेड़ के रूप में सामने आया।फिलहाल पुलिस गिरोह के अन्य सदस्यों की तलाश में जुटी है और पूरे नेटवर्क की गहनता से जांच की जा रही है। अन्य जिलों में इनकी संलिप्तता की भी पड़ताल की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!