जींद का योगा खिलाड़ी अभिषेक शर्मा कल दिल्ली में होगा सम्मानित

जींद (Sahil Kasoon The Airnews) जींद के भिवानी रोड निवासी 22 वर्षीय योगा खिलाड़ी अभिषेक शर्मा को स्वतंत्रता दिवस के राष्ट्रीय समारोह में विशेष अतिथि के रूप में आमंत्रित किया गया है। केंद्र सरकार की ओर से अभिषेक को पत्र और पास भेजा गया है। यह सम्मान उन्हें योग खेलों में अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पदक जीतने पर दिया जा रहा है। फिलहाल अभिषेक भारतीय योगासन टीम के राष्ट्रीय उपकप्तान हैं।
इस साल अप्रैल में हुई एशियाई प्रतियोगिता में अभिषेक ने दो अलग-अलग मुकाबलों में गोल्ड मेडल अपने नाम किए थे। इससे पहले भी वे राष्ट्रीय स्तर पर कई पदक जीत चुके हैं। अभिषेक के पिता विनोद कुमार हरियाणा पुलिस में तैनात हैं और मां गृहिणी हैं।
अभिषेक शुरू में सूचना प्रौद्योगिकी (आईटी) क्षेत्र में करियर बनाना चाहते थे, लेकिन खेलों के प्रति रुचि ने उन्हें योगा के मैदान में ला दिया। उन्होंने जींद के राजकीय कॉलेज से कंप्यूटर विज्ञान में स्नातक किया। इसी दौरान उनका रुझान खेलों की ओर बढ़ा और उन्होंने पटियाला के राष्ट्रीय खेल संस्थान में एक साल का प्रशिक्षण लिया। हाल ही में उन्होंने पंजाब के लवलीन विश्वविद्यालय से बीपीएड की पढ़ाई पूरी की है।
-
लगातार तीन साल राष्ट्रीय खेलों में पदक विजेता
-
ऑल इंडिया यूनिवर्सिटी खेलों में पदक
-
खेलो इंडिया में राष्ट्रीय स्तर पर पदक
-
एशियाई प्रतियोगिता में 2 स्वर्ण पदक
अभिषेक ने कहा —
“यह मेरे लिए गर्व का क्षण है। स्वतंत्रता दिवस के दिन होने वाले राष्ट्रीय समारोह में शामिल होने का अवसर मिल रहा है। रक्षा मंत्रालय से निमंत्रण पाकर मैं सम्मानित महसूस कर रहा हूं।”
अभिषेक दिल्ली में होने वाले सरकार के ‘एट होम’ कार्यक्रम में भी शामिल होंगे।




