जींद के युवक की अमेरिका में गोली मारकर हत्या:2022 में 45 लाख खर्च कर डंकी रूट से गया; परिवार का इकलौता बेटा था

हरियाणा के जींद के 26 वर्षीय युवक की अमेरिका में गोली मार कर हत्या कर दी गई। मामला सिर्फ इतना था कि सड़क किनारे पेशाब कर रहे एक अमेरिकी को उसने टोक दिया। इससे गुस्साए अमेरिका ने पिस्टल निकाल ली और उस पर ताबड़तोड़ गोलियां बरसा दीं।
इससे युवक लहूलुहान होकर जमीन पर गिर पड़ा। आसपास के लोगों ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस मौके पर पहुंची और उसे नजदीकी अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टर्स ने उसे मृत घोषित कर दिया।
घटना भारतीय समयानुसार शनिवार की रात की है। मृतक की पहचान 26 वर्षीय कपिल निवासी गांव बराह कलां, जिला जींद के रूप में हुई। परिजनों के मुताबिक, युवक अपने परिवार का इकलौता बेटा था। वह ढाई साल पहले 45 लाख रुपए खर्च कर डंकी रूट के रास्ते अमेरिका गया था।
- पिता किसान, चाचा ने अपने पास रखकर पढ़ाया-लिखाया : परिजनों के मुताबिक, कपिल का जन्म 22 मई 2000 को हुआ था। उसके पिता कपिल के पिता ईश्वर खेती-बाड़ी करते हैं। दो बहनें है। कपिल के चाचा रमेश की पिल्लूखेड़ा में ट्रैक्टर एजेंसी है। चाचा रमेश ने ही उसे अपने पास जींद में रखकर पढ़ाया-लिखाया था। पढ़ाई के बाद कपिल परिवार के बिजनेस में हाथ बटाने लगा। इसी बीच उसने अमेरिका जाकर काम करने का फैसला किया।
- 2022 में गया था विदेश, 45 लाख खर्च किए : चाचा रमेश ने बताया कि कपिल 2022 में अमेरिका गया था। वह पनामा के जंगलों से होते हुए डंकी रूट के जरिए मेक्सिको की दीवार फांदकर अमेरिका में कूदा था। इसके बाद वहां गिरफ्तारी हुई और वहां पर केस चलाकर रहने लगा था। 45 लाख रुपए खर्च कर अमेरिका गया था। कपिल वर्तमान में अमेरिका के कैलिफोर्निया के एलए शहर में रहता था।
- परिवार को रविवार को मिली मौत की खबर : चाचा रमेश ने बताया कि रविवार को सूचना मिली की कपिल की अमेरिका में हत्या कर दी गई है। यह सुनते ही उनके पैरों तले जमीन खिसक गई। उन्होंने तुरंत अमेरिकन पुलिस से संपर्क साधा और मामले की जानकारी ली। पुलिस ने उन्हें घटना की पूरी जानकारी दी कि कैसे कपिल की हत्या की गई।
- पेशाब करने से रोकने पर हुआ विवाद : परिजनों के अनुसार, अमेरिकन पुलिस ने बताया कि कपिल कैलिफोर्निया में स्टोर पर काम करता था। शनिवार की रात अमेरिकी मूल का व्यक्ति उसके स्टोर के पास आया। उस वक्त अमेरिका में दिन था। अमेरिकन व्यक्ति सड़क पर ही पेशाब करने लगा, तो कपिल ने उसे ऐसा करने से मना कर दिया। इसे लेकर दोनों में कहासुनी हो गई।
- बात बढ़ने पर पिस्टल निकालकर मारी कई गोलियां : परिजनों ने आगे बताया कि बात इतनी बढ़ गई की अमेरिकी मूल के युवक ने कपिल पर पिस्टल निकालकर कई गोलियां दाग दीं। इसमें कपिल की मौके पर मौत हो गई। इसके बाद हमलावर वहां से भाग गया। सूचना पर पहुंची पुलिस उसे अस्पताल भी ले गई, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
15 दिन लग सकते हैं शव भारत लाने में कपिल की हत्या के साथ परिवार के सपने तिनके की तरह टूट कर बिखर गए। अब परिवार के सामने कपिल के शव को भारत लाने की सबसे बड़ी चिंता है। परिजनों के मुताबिक, कपिल की पीआर की फाइल चली हुई थी। कपिल का शव अमेरिका से भारत लाने में कम से कम 15 दिन लग जाएंगे। अभी पोस्टमॉर्टम नहीं हुआ है। वहां दो दिन की छुट्टी है अब, बुधवार को पोस्टमॉर्टम होगा। इसके बाद शव को इंडिया लाने की प्रोसेस शुरू की जाएगी।




