साहिबज़ादों के शहीदी दिवस पर किया नमन, सेवा और सामाजिक जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन

लायंस क्लब कैथल सिटी के तत्वावधान में साहिबज़ादों के शहीदी दिवस के अवसर पर पिहोवा चौक स्थित हारट्रोन स्किल सेंटर में सेवा व सामाजिक जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य साहिबज़ादों की महान शहादत को नमन करने के साथ-साथ समाज में सेवा, त्याग और अनुशासन का संदेश देना रहा।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में अतिरिक्त जिला एवं सत्र न्यायाधीश मोहित अग्रवाल, नगर परिषद की चेयरपर्सन सुरभि गर्ग, डीएसपी गुरविंद्र सिंह तथा सांसद नवीन जिंदल के प्रतिनिधि रविंद्र धीमान उपस्थित रहे। सभी अतिथियों ने साहिबज़ादों की शहादत पर शीश झुकाकर श्रद्धांजलि अर्पित की। इस अवसर पर गुरु का अटूट लंगर भी वितरित किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में लोगों ने प्रसाद ग्रहण किया।
मुख्य अतिथि अतिरिक्त जिला एवं सत्र न्यायाधीश मोहित अग्रवाल ने अपने संबोधन में कहा कि साहिबज़ादों की शहादत हमें सत्य, धर्म और मानवता के मार्ग पर अडिग रहने की प्रेरणा देती है। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के आयोजन नई पीढ़ी को इतिहास से जोड़ने और सामाजिक मूल्यों को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
नगर परिषद की चेयरपर्सन सुरभि गर्ग ने कहा कि सेवा और सुरक्षा समाज की बुनियाद हैं। उन्होंने ट्रैफिक नियमों के पालन पर जोर देते हुए कहा कि हेलमेट जैसे छोटे-से कदम से अनमोल जीवन की रक्षा की जा सकती है। डीएसपी गुरविंद्र सिंह ने भी सड़क सुरक्षा को लेकर जागरूकता का संदेश दिया और दोपहिया वाहन चालकों से हेलमेट पहनने की अपील की।
कार्यक्रम के दौरान करनाल रोड से बिना हेलमेट गुजर रहे दोपहिया वाहन चालकों को निशुल्क हेलमेट वितरित किए गए। सांसद नवीन जिंदल के प्रतिनिधि रविंद्र धीमान ने कहा कि समाज सेवा और जन-सुरक्षा से जुड़े ऐसे प्रयासों को हर स्तर पर प्रोत्साहित किया जाना चाहिए। उन्होंने आयोजकों की सराहना करते हुए इस पहल को प्रेरणादायक बताया।
हारट्रोन स्किल सेंटर के संचालक डॉ. बलविंद्र ढुल ने अतिथियों का स्वागत करते हुए कहा कि संस्थान केवल कौशल विकास तक सीमित नहीं है, बल्कि सामाजिक दायित्वों के निर्वहन के लिए भी पूरी तरह प्रतिबद्ध है। लायंस क्लब के प्रधान एडवोकेट देवेंद्र राणा ने सेवा कार्यों को निरंतर जारी रखने का संकल्प दोहराया। एडवोकेट मनिंद्र सिंह ने साहिबज़ादों के बलिदान को स्मरण करते हुए कहा कि उनका जीवन निस्वार्थ सेवा की प्रेरणा देता है।
इस परियोजना के चेयरमैन रविंद्र सिंह और को-चेयरमैन डॉ. बलविंद्र ढुल रहे। कार्यक्रम में एडवोकेट मनोज दुआ, पार्षद रोहन मित्तल, लायंस क्लब के जोन चेयरमैन मुनीश मेहता, वाइस डिस्ट्रिक्ट गवर्नर उमेश गर्ग, सचिव रूपम खुराना, कोऑर्डिनेटर हरनाम सिंह, बलजिंदर बनवाला, गुरु तेग बहादुर सेवा दल के चेयरमैन राजेंद्र सिंह, सचिव सितेंदर भाटिया, उप प्रधान गुरचरण सिंह (टीवीएस), गुरुद्वारा मंजी साहिब के हेड ग्रंथी भाई साहब सिंह, हेड रागी भाई मंदीप सिंह, मैनेजर हरकीरत सिंह, जेटकिंग इंस्टीट्यूट से नरेश ढुल सहित हारट्रोन स्किल सेंटर व एडवांस्ड स्किल सेंटर का समस्त स्टाफ मौजूद रहा।
कार्यक्रम का समापन सेवा, सद्भाव और सुरक्षा के संकल्प के साथ किया गया।




