प्रेमानंद महाराज से मिले हरियाणा डिप्टी स्पीकर:मिड्ढा ने पूछा- राजनीति को साधना कैसे बनाऊं, जवाब मिला- समाज को सुख पहुंचाकर
हरियाणा के डिप्टी स्पीकर डॉ. कृष्ण लाल मिड्ढा ने वृंदावन जाकर प्रेमानंद महाराज से मुलाकात की। कृष्ण मिड्ढा ने इस मुलाकात का एक वीडियो अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर शेयर किया है।
कृष्ण मिड्ढा ने प्रेमानंद महाराज से धर्म और करुणा के महत्व और राजनीति को साधना बनाने को लेकर सवाल पूछा। इस पर प्रेमानंद महाराज ने कहा कि निर्णय लेते हुए हमेशा धर्म देखना चाहिए। करुणा से पक्षपात होता है।
वहीं, साधना के सवाल पर प्रेमानंद महाराज ने कहा कि समाज को सुख पहुंचाना ही सबसे बड़ी साधना है। भगवान का नाम जपते हुए अपने कर्तव्यों का पालन करें।

डिप्टी स्पीकर कृष्ण मिड्ढा ने बुधवार (28 जनवरी) को वृंदावन जाकर प्रेमानंद महाराज के दर्शन किए। मिड्ढा ने सवाल किया कि मुझे बहुत से निर्णय लेने होते हैं, निर्णय लेते समय में धर्म और करुणा को कैसे प्राथमिकता दूं?
प्रेमानंद महाराज ने कहा कि निर्णय में करुणा को प्राथमिकता नहीं देनी चाहिए। निर्णय में धर्म देखा जाता है, करुणा नहीं। करुणा में पक्षपात होता है। अगर करुणा आ गई, तो पक्षपात ले लेगी। जैसे, यदि आपको निर्णय करना है, और आपका पुत्र अपराधी है, जबकि शत्रु का पुत्र निरपराध है, तो आपको करुणा नहीं, धर्म के अनुसार शत्रु के पुत्र को मुक्त करना होगा और अपने पुत्र को दंड देना होगा।
प्रेमानंद महाराज ने आगे कहा कि जब निर्णय लेना हो, तो कर्तव्य और धर्म को आगे रखकर निर्णय लिया जाता है। अगर हम करुणा को आगे ले आए, तो पक्षपात हो जाएगा, और फिर हानि हो जाएगी। उसी प्रकार, जो हमारा पद है, हमारा जो अधिकार है, हम उस समाज के व्यक्ति के साथ अपने कर्तव्य का पालन करते हुए ठीक निर्णय करें। अगर वह दंडनीय है, तो हम उसे दंडित करें। अन्यथा, यदि वह दंडनीय नहीं है, तो चाहे वह शत्रु पक्ष का ही क्यों न हो, उसे दंड देने का विचार नहीं करेंगे, बल्कि हम उसका सहयोग करेंगे, यह भाव रखना होगा।
प्रेमानंद महाराज से डिप्टी स्पीकर ने सवाल किया कि “राजनीति ही मेरी साधना बन जाए, इसके लिए क्या करें?” इस पर प्रेमानंद महाराज ने कहा कि “नाम जप करते हुए जो आपको कर्तव्य मिला है, वही आपकी भक्ति है। ऐसा मानकर समाजप्रिय बनिए, समाज को सुख पहुंचाइए। जो सरकार, सेवा और संविधान देती है, उसके अनुसार समाज को सुख पहुंचाइए। यही सबसे बड़ी साधना है। भगवान का नाम जप जरूर चलना चाहिए। नाम जप करते हुए अपने कर्तव्य का पालन करो।”
कृष्ण लाल मिड्ढा के पिता हरि चंद मिड्ढा इंडियन नेशनल लोकदल (इनेलो) के टिकट पर 2009 और 2014 में जींद से 2 बार विधायक बने। अगस्त 2018 में हरिचंद मिड्ढा का निधन हो गया। जिसके बाद जनवरी 2019 में जींद सीट पर उपचुनाव हुआ। भाजपा ने हरिचंद मिड्ढा के बेटे कृष्ण मिड्ढा को टिकट दिया। वहीं कांग्रेस ने अपने बड़े नेता रणदीप सुरजेवाला और जेजेपी ने दिग्विजय चौटाला को प्रत्याशी बनाया, लेकिन उपचुनाव के नतीजे आए तो कृष्ण मिड्ढा ने 12 हजार से ज्यादा वोटों से जीत हासिल की।
अक्टूबर 2019 में विधानसभा चुनाव में भाजपा ने डॉ. कृष्ण मिड्ढा को फिर टिकट दिया। इस चुनाव में वह फिर करीब 12 हजार वोट से जीत गए। 2024 विधानसभा चुनाव में डॉ. कृष्ण मिड्ढा कांग्रेस के महावीर गुप्ता को लगभग 15 हजार वोटों से हराया। साथ ही जीत की हैट्रिक दर्ज की।
तीसरी बार विधायक बनने के बाद कृष्ण मिड्ढा को सर्वसम्मति से हरियाणा विधानसभा का उपाध्यक्ष चुना गया। जिले में 37 साल बाद फिर से डिप्टी स्पीकर का पद आया। इससे पहले 1987 में तत्कालीन देवीलाल सरकार में जुलाना विधायक कुलबीर सिंह मलिक को विधानसभा का डिप्टी स्पीकर बनाया गया था।




