loader image
Monday, February 16, 2026

तनाव के साथ नहीं बल्कि आत्मविश्वास के साथ दे बोर्ड परीक्षा :डीसी अपराजिता, बोर्ड परीक्षाओं को लेकर डीसी ने विद्यार्थियों को दिए महत्वपूर्ण सुझाव

कैथल, 16 फरवरी। केंद्रीय माध्यमिक विद्यालय बोर्ड की परीक्षाएं 17 फरवरी से शुरू होने जा रही हैं। परीक्षाओं के मद्देनजर कैथल की डीसी अपराजिता ने जिले के तमाम विद्यार्थियों के नाम एक विशेष प्रेरणादायक संदेश जारी किया है। उन्होंने छात्रों से अपील की है कि वे परीक्षा को बोझ न समझें, बल्कि इसे एक उत्सव की तरह लें।
विद्यार्थियों का मनोबल बढ़ाते हुए डीसी अपराजिता ने अपने छात्र जीवन के अनुभव साझा किए। उन्होंने कहा कि मैं भी विद्यार्थी जीवन जी चुकी हूँ और भली-भांति जानती हूँ कि परीक्षा के दौरान मन में किस तरह की घबराहट होती है। लेकिन याद रखें, कोई भी परीक्षा आपके संपूर्ण व्यक्तित्व का आकलन नहीं कर सकती। यह केवल एक प्रक्रिया है जो आपके समय प्रबंधन, ज्ञान और आत्मविश्वास को परखती है।
डीसी ने अंतिम समय की तैयारी के लिए विद्यार्थियों को कुछ महत्वपूर्ण सुझाव दिए हैं। उन्होंने कहा कि अब कुछ भी नया पढऩे के बजाय जो पढ़ा है, उसके रिवीजन पर ध्यान दें। परीक्षा के दौरान अच्छा और पौष्टिक आहार लें। मस्तिष्क की कार्यक्षमता बनाए रखने के लिए समय पर सोएं और समय पर उठें। नींद पूरी होना तनाव कम करने की पहली सीढ़ी है। मन में परिणाम को लेकर चिंता न पालें। अपनी मेहनत पर भरोसा रखें।
डीसी ने छात्रों को आश्वस्त किया कि जिला प्रशासन द्वारा परीक्षा केंद्रों पर पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। नकल रहित परीक्षा सुनिश्चित की जाएगी। केंद्रों के आसपास शांतिपूर्ण और व्यवस्थित वातावरण सुनिश्चित किया जाएगा ताकि विद्यार्थी बिना किसी बाहरी व्यवधान के एकाग्रता के साथ अपनी परीक्षा लिख सकें। उन्होंने अभिभावकों और शिक्षकों से भी अनुरोध किया कि वे बच्चों पर अंकों का दबाव न बनाएं और उन्हें सकारात्मक माहौल प्रदान करें। डीसी अपराजिता ने कहा कि ईमानदारी और मेहनत से दी गई परीक्षा ही सच्ची उपलब्धि होती है। अपने गुरुजनों के मार्गदर्शन पर भरोसा रखें और बिना किसी डर के अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करें।
Sahil Kasoon

The Air News (Writer/Editer)

Sahil Kasoon

The Air News (Writer/Editer)

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!