मुख्यमंत्री तीर्थयात्रा योजना मुख्यमंत्री दिखाएंगे अयोध्या के लिए 26 मार्च को अंबाला से विशेष ट्रेन को हरी झंडी कैथल के इच्छुक श्रद्धालु कुरुक्षेत्र से दोपहर के समय सवार हो सकेंगे ट्रेन में पोर्टल पर आवेदन करने वाले श्रद्धालु निर्धारित औपचारिकताएं पूरी करने के बाद कर सकते हैं श्री रामलला के दर्शन
कैथल, 20 मार्च। मुख्यमंत्री तीर्थ यात्रा योजना के तहत आवेदन करने वाले श्रद्धालुओं को इस बार अयोध्या धाम की यात्रा करवाकर भगवान श्रीराम के दर्शन करवाए जाएंगे। आगामी 26 मार्च को अंबाला से विशेष ट्रेन को मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी हरी झंडी दिखाकर इस विशेष ट्रेन को रवाना करेंगे। जो चौथे दिन श्रद्धालुओं को वापस लेकर आएगी। इस तीर्थ यात्रा में श्रद्धालुओं के लिए रहना, खाना एवं तीर्थ यात्रा भ्रमण का खर्च हरियाणा सरकार उठाएगी। इसीलिए योजना के पात्र बुजुर्ग इस योजना के तहत बनाए गए पोर्टल पर आवेदन करके योजना का लाभ उठा सकते हैं।
निर्धारित नियम-योजना के लाभ के लिए आवेदनकर्ता का सरकार द्वारा जारी किए गए किसी पहचान पत्र की प्रति जिसमें आधार कार्ड या पैन कार्ड हो सकता है। आवेदनकर्ता का परिवार पहचान पत्र की प्रति, यात्रा के लिए आवेदनकर्ता का स्वघोषणा पत्र कि वह यात्रा के लिए फिट है। यह दस्तावेज पोर्टल पर अपलोड करना अनिवार्य है। वहीं आवदेनकर्ता हरियाणा का निवासी होना चाहिए और उसके पास परिवार पहचान पत्र होना जरूरी है। उसकी आयु 80 साल से अधिक न हो और उसके परिवार की आय एक लाख 80 हजार तक हो। आवेदनकर्ता अपनी पत्नी या अपने पति को निशुल्क इस यात्रा पर ले जा सकता है। यदि कोई आवेदनकर्ता अपने साथ किसी सहायक को ले जाना चाहता है तो उसका खर्च स्वयं उठाना पड़ेगा। सहायक के लिए भी पोर्टल पर आवेदन करना अनिवार्य है। तीन साल में एक बार ही आवेदनकर्ता इस योजना का लाभ उठा सकता है।
डीसी अपराजिता ने बताया कि योजना के तहत अब अयोध्या धाम की तीर्थ यात्रा करवाई जा रही है। जिसके लिए माननीय मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी 26 मार्च को अंबाला से विशेष ट्रेन को हरी झंडी दिखाएंगे। इसके लिए जिन आवेदनकर्ताओं ने अपनी सहमति दी है, वे निर्धारित समय पर कुरुक्षेत्र रेलवे स्टेशन पर पहुंच जाएं। जहां विभाग के हेल्प डेस्क से उन्हें ट्रेन में रवाना होने बारे आवश्यक जानकारी दी जाएगी। वे अपने साथ आवश्यक कपड़े, यदि कोई दवा ले रहे हैं तो आवश्यक दवाई जरूर लेकर जाएं। साथ ही अपने पहचान पत्र की फोटो प्रति, या आधार कार्ड की फोटो प्रति, दो फोटो भी लेकर जाएं, ताकि उनका पहचान पत्र बनाया जा सके। गंभीर रूप से बीमार लोगों और ज्यादा बुजुर्ग को यात्रा पर ले जाने से बचें। सरल पोर्टल पर आवेदन के बाद तथ्यों के साथ डीआईपीआरओ कार्यालय को सूचित करें। इसके अलावा अधिक जानकारी के लिए लघु सचिवालय स्थित डीआईपीआरओ कार्यालय में भी संपर्क किया जा सकता है।
ऐसे कर सकते हैं पोर्टल पर आवेदन-मुख्यमंत्री तीर्थयात्रा योजना के लिए सरल पोर्टल पर आवेदन किया जा सकता है। जिसमें सेवाओं के कॉलम में मुख्यमंत्री तीर्थ यात्रा के परफार्मा में आवश्यक दस्तावेज अपलोड करके इस योजना के तहत आवेदन किया जा सकता है।




