loader image
Thursday, March 26, 2026

करनाल में जमीनी विवाद में कई राउंड फायरिंग:दो की मौत, दोनों पक्षों के 12 लोग घायल; कब्जे को लेकर भड़का विवाद

एक पक्ष की ओर से कई राउंड फायरिंग की गई, हालांकि गोली किसी को नहीं लगी, लेकिन मारपीट और ट्रैक्टर चढ़ाने की घटना में एक बुजुर्ग की मौत हो गई, जबकि दोनों पक्षों के 10 से 12 लोग घायल हो गए। वहीं एक घायल में अस्पताल में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। घटना की सूचना मिलते ही डीएसपी घरौंडा, सीआईए व घरौंडा पुलिस की टीमें मौके पर पहुंच गई।

पुलिस ने शव को कब्जे में ले लिया और पोस्टमार्टम के लिए करनाल भेज दिया। वहीं पुलिस ने मामले में कुछ लोगों को डिटेन भी किया है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।

अस्पताल में मृतक के शव को लेकर पहुंचे परिजन।
अस्पताल में मृतक के शव को लेकर पहुंचे परिजन।

गांव मुंडोगढ़ी के 65 वर्षीय हाजी वाहिद की मौत इस संघर्ष में हो गई। जानकारी के मुताबिक, गांव सदरपुर से मुंडोगढ़ी के कच्चे रास्ते पर खेतों में यह विवाद हुआ। दूसरे पक्ष के आलीशान निवासी मुंडोगढ़ी के साथ सुलेमान पक्ष का झगड़ा हुआ। मृतक के बेटे अशरद के अनुसार, उसके पिता खेत में काम कर रहे थे और दोनों पक्षों को समझाने की कोशिश कर रहे थे।

इसी दौरान उन पर लाठियों से हमला किया गया और एक आरोपी ने ट्रैक्टर चढ़ा दिया। गंभीर हालत में उन्हें घरौंडा के सरकारी अस्पताल लाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।

घटना में दोनों पक्षों के कई लोग घायल हुए हैं। आलीशान पक्ष की ओर से तालीम (46) पुत्र यासीन को गंभीर हालत में करनाल रेफर किया गया है। इसके अलावा मंसूद (36) पुत्र मिन्ना, गुलजार (48) पुत्र यासीन, वाजिद (38) पुत्र वाहिद, जुनेद (22) पुत्र दाऊद और अल्ताफ पुत्र लियाकत अली सहित अन्य घायल हैं, जिनका उपचार चल रहा है।

घायल को अस्पताल लेकर पहुंची पुलिस व परिजन।
घायल को अस्पताल लेकर पहुंची पुलिस व परिजन।

दूसरे पक्ष की ओर से इल्ताफ पुत्र लियाकत अली ने आरोप लगाया कि वे यमुना क्षेत्र में खेतों में पानी दे रहे थे, तभी आलीशान 20-25 लोगों के साथ ट्रैक्टर-ट्रालियों में हथियार लेकर पहुंचा और हमला कर दिया। आरोप है कि हमलावरों के पास देसी पिस्तौल और लाइसेंसी हथियार भी थे। इस दौरान कई राउंड फायरिंग हुई और लाठी-डंडों व तेजधार हथियारों से हमला किया गया।

हमले में मेहताब, मनवर, मेहरबान और सबिरा घायल हुए, जिनमें से सबिरा को करनाल रेफर किया गया है।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को घरौंडा के सरकारी अस्पताल में भर्ती करवाया। मृतक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए करनाल के शवगृह भेज दिया गया है। मौके पर सीआईए-वन टीम करनाल, उप पुलिस अधीक्षक घरौंडा मनोज कुमार, थाना घरौंडा के प्रभारी इंद्र सिंह सहित पुलिस बल पहुंचा और स्थिति को नियंत्रण में लिया।

पुलिस ने मामले में कुछ लोगों को डिटेन किया है और मामले की जांच जारी है। जांच अधिकारी एएसआई प्रवीन कुमार ने बताया कि मुंडोगढ़ी एरिया में दो पक्षों के बीच जमीनी विवाद का मामला सामने आया है। इसमें एक की मौत हुई है, जबकि अन्य घायल है, मामले की जांच की जा रही है।

Sahil Kasoon

The Air News (Writer/Editer)

Sahil Kasoon

The Air News (Writer/Editer)

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!